सीहोर। भोपाल निवासी युवती किराण दाँगी ने जनसुनवाई में आवेदन दिया है। जिसमें कहा गया है कि उनके माता-पिता और भाई के संदिग्ध परिस्थितियों में एक साथ लापता होने की शिकायत करते हुए मामले की गंभीर जांच और तत्काल तलाश की मांग की है। युवती ने परिजनों के साथ जमीनी विवाद होने का उल्लेख करते हुए घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच तथा वहां लगे कैमरों की जांच कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता किरन दांगी के अनुसार उनके पिता सुरेश दांगी (47 वर्ष), मां ओमवती दांगी (42 वर्ष) और भाई राजेश दांगी (24 वर्ष) गत 3 नवंबर 2026 से ग्राम खाईखेड़ा स्थित उनकी जमीन से लापता हैं। बताया गया कि तीनों 24 अक्टूबर से उक्त जमीन पर रह रहे थे। शिकायत में कहा गया है कि जिस रात तीनों लापता हुए, उस समय जमीन पर किरन के मामा डालचंद दांगी उर्फ डमरू और चंदन भी मौजूद थे, जिनसे परिवार का जमीनी विवाद चल रहा है।
किरन दांगी ने बताया कि उन्होंने अहमदपुर थाने में गुमशुदगी एवं मामले की शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन उनका आरोप है कि मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। उनका कहना है कि घटना के बाद से अब तक उनके माता-पिता और भाई का कोई पता नहीं चल सका है।
शिकायतकर्ता किरन दाँगी ने संदेह जताया है कि तीनों के लापता होने के अगले दिन घटनास्थल की एक दीवार पर लाल रंग पोता गया। उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि वहां किसी प्रकार की मारपीट हुई हो सकती है और रंग पोतकर संभावित साक्ष्यों को छिपाने का प्रयास किया गया है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि उनके छोटे मामा के पैर में चोट के निशान और पट्टी लगी हुई है।
किरन दांगी ने प्रशासन और पुलिस से मामले की निष्पक्ष एवं गंभीर जांच, घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर उनके माता-पिता और भाई का जल्द से जल्द पता लगाने की मांग की है।
मामले में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए आवेदन और उनके कथनों पर आधारित हैं। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

0 Comments