सीहोर रेलवे स्टेशन पर की जा रही अवैध वसूली को लेकर सौंपा ज्ञापन पेशाब घर के उपयोग पर शुल्क के बावजूद सड़क तक फैल रही गंदगी यात्रियों से तय शुल्क से अधिक वसूली तत्काल बंद की जाए - पंकज शर्मा


सीहोर। सोमवार को जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों के प्रतिनिधिमंडल ने सीहोर रेलवे स्टेशन पहुंचकर एक ज्ञापन स्टेशन प्रबंधक जेएस मिश्रा को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेसजनों ने सीहोर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से पेशाब घर, शौचालय और स्नानागार के उपयोग पर तय राशि से की जा रही अधिक वसूली तत्काल बंद करने सहित स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने की मांग की। इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए पंकज शर्मा ने बताया कि सीहोर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से पेशाब घर का उपयोग करने का शुल्क लिया जा रहा है, जिससे यहां आने वाले यात्रियों विशेषकर महिलाओं को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। आश्चर्यजनक तथ्य ये है कि पूरे देश में कहीं भी किसी व्यक्ति से पेशाब घर का उपयोग करने का कोई शुल्क नहीं लिया लिया जाता है, तो फिर रेलवे स्टेशनों पर ये शुल्क लिया जाना सरासर यात्रियों के साथ अन्याय है। इससे महिला यात्रियों को बहुत दिक्कतें आती हैं और बार-बार पेशाब घर का उपयोग करने वाले यात्रियों की जेब पर बहुत भार पड़ता है। ये एक अन्यायपूर्ण व्यवस्था है, जिसे तत्काल बंद किया जाना चाहिए। पंकज शर्मा ने आगे बताया कि इसके अलावा सीहोर रेलवे स्टेशन पर पेशाब घर, शौचालय तथा स्नानागार का उपयोग करने वाले यात्रियों से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि उनसे खुल्ले पैसे ना होने के नाम पर अधिक राशि की वसूली की जा रही है और विरोध करने पर अभद्रता की जाती है। इस अवैध वसूली पर भी तुरंत रोक लगाकर अवैध वसूली करने वालों पर सख्त कार्रवाई किए जाने सहित संबंधित का टेंडर निरस्त किए जाने की मांग कांग्रेसजनों ने की है। पंकज शर्मा ने आगे कहा कि सीहोर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, यहां प्लेटफार्म पर अवारा पशु घूमते रहते हैं तथा आसपास असामाजिक तत्वों का भी जमावड़ा रहता है, जिससे यहां बाहर से आने वाले यात्रियों की सुरक्षा को काफी खतरा रहता है। इसलिए इन सब बातों पर ध्यान देकर तत्काल यहां की सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त की जाए, जिससे यहां आने वाले यात्रियों विशेषकर महिलाओं को असुविधा का सामना ना करना पड़े। पंकज शर्मा ने अंत में कहा कि यदि हमारी जनहित की इन मांगों पर तत्काल कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो जनहित में कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करने के लिए विवश होगी। इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूर्व पार्षद प्रतिनिधि सतीश दरोठिया, कांग्रेस नेता डॉ. हर्ष गुप्ता, आसिफ अंसारी, अरुण मालवीय, विवेक टांक, अभिषेक लोधी, मुकेश भारती आदि कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments