सीहोर। रविवार का दिन सीहोर के लिए सामाजिक सेवा और मानवता के नाम रहा। जहां विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने समाज, मानव, जीव एवं प्रकृति हित में अपनी गतिविधियां आयोजित कीं, वहीं गुरु दा लंगर ने अपनी सेवा के तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला चिकित्सालय सीहोर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर संस्था ने अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों एवं उनके परिजनों को अपने हाथों से तैयार किया हुआ गरमा-गरम भोजन प्रेमपूर्वक परोसा।
कार्यक्रम के दौरान विधायक सुदेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष सीताराम यादव, भाजपा नेता लवली अरोरा, पंडित राघव मिश्रा सहित पत्रकारिता जगत से जुड़े पत्रकारों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों का सम्मान किया गया।
गुरु दा लंगर के संस्थापक सूरज प्रकाश धमीजा एवं उनकी पत्नी दीक्षा धमीजा ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से प्रत्येक रविवार को जिला चिकित्सालय में मरीजों और उनके परिजनों को निशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। घर में अपने हाथों से भोजन तैयार कर जरूरतमंदों को परोसने से उन्हें आत्मिक संतुष्टि और सेवा का आनंद प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि गुरु दा लंगर सीहोर की पहली संस्था है, जिसने जिला चिकित्सालय में इस प्रकार निशुल्क भोजन वितरण की पहल की और इसे निरंतर जारी रखा।
----------------
मानवता की सेवा का अनुकरणीय उदाहरण
विधायक सुदेश राय ने कहा कि गुरु दा लंगर अपने आप में मानवता की सेवा की एक मिसाल है। जरूरतमंदों के दुख-दर्द को बांटने और उनके जीवन में सहारा बनने का यह एक सच्चा मार्ग है।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि गुरु दा लंगर द्वारा जिला चिकित्सालय पहुंचकर मरीजों एवं उनके परिजनों की सेवा करना अपने आप में अद्भुत और प्रेरणादायी कार्य है। वहीं पंडित राघव मिश्रा ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। समाजसेवी अरुणा राय भी कार्यक्रम में पहुंचीं और गुरु दा लंगर के सेवा कार्यों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर सीवन टीम ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर भोजन वितरण एवं व्यवस्थाओं में सहयोग किया। अन्य सामाजिक संस्थाओं के सदस्य भी सेवा कार्य में सहभागी बने।
कार्यक्रम में गुरु दा लंगर के सदस्य सूरज धमीजा, दीक्षा धमीजा, किरण सिंह, प्रतिभा बंसल, गौरव बंसल, मनोज कुशवाह, राम यादव, विनोद सेन, नीरज भाई, वेदांश मदान, मोक्ष धमीजा, आदित्य धमीजा एवं गोविंद कुशवाह उपस्थित रहे।
इसके साथ ही सीवन पुत्र टीम के प्रदीप चावड़ा, मुकेश राय, वैभव राठौर, सचिन प्रजापत, मोहित बोयत तथा संडे का सुकून टीम के अंकुर राठौर, अशोक कुशवाह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
गुरु दा लंगर के तीन वर्षों की यह सेवा यात्रा समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और मानवता के भाव को मजबूत करने की प्रेरणादायी मिसाल बन रही है।


0 Comments