सीहोर। समाज में वृद्धजनों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता एवं सेवा भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से माय भारत केंद्र सीहोर द्वारा संकल्प वृद्धाश्रम एवं पुनर्वास केंद्र में सेवा गतिविधि आयोजित की गई। इस दौरान युवाओं ने वृद्धजनों के साथ लगभग एक घंटे तक आत्मीय संवाद कर उनके जीवन के अनुभवों, समस्याओं एवं आवश्यकताओं को समझने का प्रयास किया।
कार्यक्रम में वृद्धजनों के बीच बैठकर उनसे आत्मीय बातचीत की गई। इस दौरान बुजुर्गों ने अपने जीवन से जुड़े अनुभव साझा किए। संवाद के माध्यम से जानकारी मिली कि वृद्धाश्रम में छत्तीसगढ़, कोलकाता सहित विभिन्न क्षेत्रों के वृद्धजन निवास कर रहे हैं। इनमें कई बुजुर्ग बीमारी, पारिवारिक समस्याओं एवं आर्थिक कठिनाइयों के चलते आश्रम में रह रहे हैं।
इस अवसर पर वृद्धजनों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सूची के अनुसार आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही सभी वृद्धजनों के साथ बैठकर भोजन किया गया एवं उन्हें भोजन वितरित किया गया। युवाओं ने बुजुर्गों की बातें सुनकर उन्हें अपनत्व, सम्मान और भावनात्मक सहयोग प्रदान करने का प्रयास किया।
सेवा गतिविधि का उद्देश्य वृद्धजनों के अकेलेपन को कम करना, उनकी समस्याओं को समझना तथा उनके जीवन में खुशियां और अपनापन लाना रहा। इस पहल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनके अनुभव और मार्गदर्शन आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से माय भारत केंद्र सीहोर ने बुजुर्गों के प्रति सेवा, सहयोग एवं संवेदनशीलता की भावना को निरंतर बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।

0 Comments