कलेक्टर ने टाउन हॉल स्थित पुस्तकालय का किया निरीक्षण, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से की चर्चा


सीहोर, 02 नवम्बर 2026        कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने टाउन हॉल में संचालित पुस्तकालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध सुविधाओं एवं अध्ययन व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए संचालित निःशुल्क कोचिंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

         निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने लोक सेवा आयोग एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से संवाद किया। उन्होंने युवाओं से उनकी तैयारी, अध्ययन की रणनीति, विषयों की समझ और परीक्षा से जुड़ी चुनौतियों के बारे में जानकारी ली। युवाओं ने भी अपनी जिज्ञासाएं और तैयारी के संबंध में कलेक्टर से चर्चा की।

      कलेक्टर ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन एवं मेहनत से तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पुस्तकालय को बेहतर ढंग से संचालित करने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान तसीलदार श्री अमित सिंह उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments