दिव्यांग बच्चों के साथ मारवाड़ी महिला मंडल ने मनाई दीपावली, मिठाई-पटाखे और उपहार बांटकर बांटी खुशियां विशेष विद्यालय के बच्चों ने तैयार किए मिट्टी के आकर्षक दीपक, महिला मंडल ने खरीदकर बढ़ाया नन्हे कलाकारों का उत्साह


सीहोर। दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और जरूरतमंदों के जीवन में रोशनी लाने का संदेश देता है। इसी भावना के साथ अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला मंडल ने सोमवार को शहर के कोलीपुरा के समीप वसुंधरा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा संचालित वसुंधरा विशेष विद्यालय पहुंचकर दिव्यांग बच्चों के बीच दीपावली की खुशियां साझा कीं। महिला मंडल की अध्यक्ष मंजू शैलेष अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने बच्चों को मिठाई, पटाखे और उपहार वितरित किए। इस दौरान बच्चों के साथ खुशियां मनाई गईं और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उनके द्वारा तैयार किए गए मिट्टी के सुंदर दीपकों की खरीदारी भी की गई।

वसुंधरा विशेष विद्यालय के दिव्यांग बच्चों ने आत्मनिर्भरता और रचनात्मक कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अपने हाथों से मिट्टी के आकर्षक दीपक तैयार किए हैं। बच्चों ने इन दीपकों को बेहद मेहनत और लगन से बनाया, सजाया और पैक किया है। महिला मंडल की सदस्यों ने बच्चों की इस कलात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए दीपकों की खरीदारी की और उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला ने कहा कि इन बच्चों ने अपनी मेहनत, लगन और कला से दीपकों को बहुत ही सुंदर रूप दिया है। प्रत्येक दीपक में उनकी मेहनत और रचनात्मकता झलकती है। समाज का दायित्व है कि वह इन बच्चों की प्रतिभा को पहचान दे और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करे। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे इन बच्चों द्वारा तैयार किए गए दीपक अपने घरों और प्रतिष्ठानों में लगाने के लिए खरीदें। नागरिकों का छोटा-सा सहयोग भी इन बच्चों के आत्मविश्वास को नई उड़ान दे सकता है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि त्योहारों की असली खुशी तभी सार्थक होती है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग को उसमें सहभागी बनाया जाए और जरूरतमंद बच्चों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए सभी मिलकर प्रयास करें।

विशेष बच्चों के दीपकों का लगेगा स्टॉल

वसुंधरा वेलफेयर फाउंडेशन के संचालक अर्जुन मेवाड़ा ने बताया कि इस बार दीपावली पर आस्था और सामाजिक सरोकार को जोड़ते हुए एक विशेष पहल की जा रही है। विद्यालय के विशेष बच्चों द्वारा अपने हाथों से तैयार किए गए मिट्टी के दीपकों का स्टॉल लगाया जाएगा। इसके माध्यम से शहरवासी बच्चों की मेहनत और हुनर से तैयार दीपक खरीदकर उन्हें प्रोत्साहित कर सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को अपनी कला के माध्यम से आगे बढ़ने, आत्मविश्वास विकसित करने और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे पर्व पर इन बच्चों की बनाई वस्तुओं को अपनाकर समाज उनके जीवन में भी खुशियों का उजाला ला सकता है। ऐसे प्रयास बच्चों को यह विश्वास दिलाते हैं कि उनकी प्रतिभा का सम्मान करने वाले लोग समाज में मौजूद हैं।

महिला मंडल का किया सम्मान

कार्यक्रम में अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला मंडल की अध्यक्ष मंजू शैलेष अग्रवाल, विनीत सोनी, सरोज सोनी, किरण सोनी, राजू पालीवाल, शशि विजयवर्गीय, मंजू भरतिया, प्रेमलता रुठिया, ज्योति सोनी, मोनिका चौरसिया सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। इस अवसर पर वसुंधरा वेलफेयर फाउंडेशन के अन्य सदस्यों ने महिला मंडल की पदाधिकारियों और सदस्यों का स्वागत करते हुए भगवान गणेश की प्रतिमा भेंट की।


Post a Comment

0 Comments