सीहोर जिले के तीन किसानों ने जीते पुरस्कार, प्रथम को ट्रैक्टर, द्वितीय को बुलेट और तृतीय पुरस्कार के रूप में मिली ई-स्कूटी किसान कल्याण स्वाभिमान क्विज प्रतियोगिता को किसानों ने बताया सार्थक एवं ज्ञानवर्धक पहल, शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने में मिली मदद


सीहोर, 01 नवम्बर 2026    मध्यप्रदेश शासन द्वारा आयोजित किसान कल्याण स्वाभिमान क्विज प्रतियोगिता में सीहोर जिले के तीन किसानों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता में भैरूंदा तहसील के ग्राम अतरालिया निवासी किसान श्री हर्ष यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिन्हें पुरस्कार स्वरूप ट्रैक्टर प्रदान किया गया। वहीं भैरूंदा तहसील के ग्राम बगवाड़ा निवासी श्री रमेश चंद्र पंवार ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर बुलेट मोटरसाइकिल तथा बुधनी तहसील के ग्राम सरदार नगर निवासी श्री चैन प्रकाश ने तृतीय स्थान प्राप्त कर ई-स्कूटी का पुरस्कार हासिल किया। मध्‍यप्रदेश स्‍थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में राजस्‍व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने विजेता किसानों को प्रतीक स्‍वरूप वाहनो की चाबी प्रदान कर पुरस्‍कृत किया

     जिले के पुरस्कार विजेता किसान श्री हर्ष यादव, रमेश चंद्र पवार तथा चैन प्रकाश ने प्रतियोगिता को बेहद सार्थक, उपयोगी और ज्ञानवर्धक पहल बताते हुए मध्यप्रदेश शासन की इस पहल की सराहना की। किसानों ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल पुरस्कार जीतने का माध्यम नहीं थी, बल्कि खेती-किसानी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को समझने और शासन की विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक होने का भी अवसर थी। प्रतियोगिता में पूछे गए प्रश्नों के माध्यम से उन्हें कृषि एवं किसान कल्याण से संबंधित योजनाओं की जानकारी प्राप्त हुई। कई ऐसी योजनाओं और उनके प्रावधानों के बारे में जानने का अवसर मिला, जिनके बारे में पहले विस्तृत जानकारी नहीं थी। प्रश्नों ने योजनाओं को लेकर जिज्ञासा और उत्सुकता भी बढ़ाई तथा उनके लाभ, पात्रता और उपयोगिता को समझने के लिए प्रेरित किया।

      इन किसानों ने वर्ष 2026 को कृषि कल्याण वर्ष घोषित करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को धन्यवाद देते हुए कहा कि सरकार द्वारा इस प्रकार की प्रतियोगिता आयोजित करना सराहनीय पहल है। इससे किसानों को खेती-किसानी के साथ-साथ अपने अधिकारों, सुविधाओं और शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलता है। प्रतियोगिता के माध्यम से किसानों में सीखने और नई जानकारियां हासिल करने की रुचि बढ़ती है। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल आगे भी आयोजित की जानी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक किसान शासन की योजनाओं से परिचित हो सकें और उनका लाभ उठा सकें। किसानों ने इस आयोजन के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के नवाचार किसानों को सम्मानित करने के साथ उनका ज्ञान बढ़ाने और कृषि क्षेत्र के प्रति जागरूकता विकसित करने में भी सहायक हैं।

    उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में किसानों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं, कृषि विकास एवं आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से किसान कल्याण स्वाभिमान क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में किसानों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड सहित कृषि एवं किसान हित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं पर आधारित 24 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से लगभग 40 हजार प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें से सभी प्रश्नों के सही उत्तर देने वाले 15 हजार 298 प्रतिभागियों में से लॉटरी के माध्यम से प्रदेश के सभी 55 जिलों के 165 विजेताओं का चयन किया गया। यह क्विज प्रतियोगिता संस्कृति विभाग के अंतर्गत वीर भारत न्यास एवं किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग की संयुक्त पहल पर आयोजित की गई थी।

Post a Comment

0 Comments