दीपावली पर बाजार में निकले नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, व्यापारियों एवं शहरवासियों से मिलकर दी पर्व की शुभकामनाएं दुकानदारों, व्यापारियों और आम नागरिकों के बीच पहुंचकर बांटी दीपावली की खुशियां, आत्मीय मुलाकात कर लिया सभी का आशीर्वाद


सीहोर। दीपावली के पावन पर्व पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने शहरवासियों के बीच पहुंचकर पर्व की खुशियां साझा कीं। दीपावली के अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर पूरे शहर के बाजारों में निकले और विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर व्यापारियों, दुकानदारों, छोटे व्यवसायियों एवं आम नागरिकों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बाजार में जगह-जगह लोगों ने नगर पालिका अध्यक्ष का स्वागत किया। प्रिंस राठौर ने दुकानों पर पहुंचकर व्यापारियों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और दीपावली के इस पावन अवसर पर सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और रोशनी का पर्व नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और खुशियां बांटने का त्योहार है। सीहोर मेरा परिवार है और शहर का प्रत्येक नागरिक मेरे परिवार का हिस्सा है। मेरा प्रयास रहता है कि हर त्योहार पर शहरवासियों के बीच पहुंचकर उनकी खुशियों में शामिल होऊं। शहर के व्यापारी, छोटे दुकानदार, फुटकर व्यवसायी और मेहनतकश लोग शहर की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। त्योहारों की रौनक इन्हीं लोगों की मेहनत से बाजारों में दिखाई देती है। नगर पालिका का प्रयास है कि त्योहारों के अवसर पर व्यापारियों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा सभी लोग हर्षोल्लास के साथ अपना त्योहार मना सकें।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने का वास्तविक उद्देश्य जनता के बीच रहना, उनके सुख-दुख में सहभागी बनना और शहर के प्रत्येक नागरिक से आत्मीय संबंध बनाए रखना है। पद और जिम्मेदारी तभी सार्थक है, जब आम नागरिक स्वयं को अपने जनप्रतिनिधि के करीब महसूस करे। नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने सभी शहरवासियों से दीपावली का पर्व प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील करते हुए कहा कि मां लक्ष्मी की कृपा सभी परिवारों पर बनी रहे और सीहोर शहर निरंतर विकास, खुशहाली एवं समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ता रहे।


Post a Comment

0 Comments