सीहोर। दीपावली का पर्व केवल अपने घरों को रोशन करने का नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने का भी अवसर है। इसी सेवा भावना के साथ न्यू अथर्व फाउंडेशन, सीहोर द्वारा दीपावली के पावन अवसर पर जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर राशन सामग्री वितरित की गई। फाउंडेशन के सदस्यों ने परिवारों को राशन सामग्री भेंट कर उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर फाउंडेशन के सुनील राय ने कहा कि दीपावली की वास्तविक खुशियां तभी सार्थक होती हैं, जब हम अपनी खुशियों में जरूरतमंदों को भी शामिल करें। किसी जरूरतमंद परिवार के चेहरे पर मुस्कान लाना और उनके त्योहार को खुशियों से भरना ही सच्ची सेवा है। न्यू अथर्व फाउंडेशन का प्रयास है कि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी परिवार त्योहार की खुशियों से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। सेवा और सहयोग की छोटी-सी पहल भी किसी परिवार के जीवन में बड़ी खुशियां ला सकती है। फाउंडेशन का संकल्प है कि भविष्य में भी जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने और समाज में मानवता एवं सेवा की भावना को मजबूत करने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
न्यू अथर्व फाउंडेशन का संदेश है कि सेवा ही संकल्प और मानवता ही धर्म है।इस अवसर पर अजय राय, समीर नानू सेन सहित कई लोग मौजूद रहे ।

0 Comments