सीहोर। मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित तृतीय फुटबॉल प्रतियोगिता के पांचवें दिन सीहोर क्लब और सीहोर बॉयज के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। मैच में दोनों ही टीमों ने मध्यांतर तक शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
मुकाबले के 70 वें मिनट में सीहोर बॉयज की ओर से आदि ने लेफ्ट फुट से फ्री किक पर शानदार गोल दागकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इसे प्रतियोगिता का अब तक का सर्वश्रेष्ठ गोल माना गया। इसके बाद आदि ने 80वें मिनट में हेडर के जरिए दूसरा गोल किया। वहीं 86वें मिनट में कॉर्नर किक पर हेडर लगाकर तीसरा गोल दागते हुए प्रतियोगिता की पहली हैट्रिक अपने नाम की।
आज के मुकाबले में सीहोर जिला फुटबॉल एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारी मोहन चौरसिया ने मध्यांतर के दौरान खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं मुस्कान माझी को बेस्ट मिडफील्डर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत आज 4 तारीख को इछावर और आस्था की टीमों के बीच मुकाबला खेला जाएगा।

0 Comments