भाई दूज पर सीवन पुत्र टीम ने बहनों को दिया स्वच्छता का अनमोल उपहार, चमका बढ़ियाखेड़ी का हाथी घाट लगातार चरम पर पहुंच रहा सीवन अभियान, मलबे और गंदगी से पटे हाथी घाट को सीवन योद्धाओं ने कुछ ही घंटों में बनाया स्वच्छ।


सीहोर। भाई दूज के पावन अवसर पर सीवन पुत्र टीम ने बहनों को स्वच्छता के रूप में एक अनमोल उपहार दिया। सीवन नदी के संरक्षण और स्वच्छता के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए टीम ने मंगलवार को बढ़ियाखेड़ी स्थित हाथी घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। यह घाट लंबे समय से गंदगी, पूजन सामग्री, जलकुंभी और मलबे से भरा हुआ था।


मंगलवार सुबह 9 बजे सीवन पुत्र टीम के सदस्य हाथी घाट पहुंचे और स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। सबसे पहले घाट पर जमा मलबे को हटाया गया। इसके बाद वहां बिखरी पूजन सामग्री, देवी-देवताओं के चित्र, मूर्तियां, पॉलिथीन, फूल-मालाएं और अन्य अपशिष्ट सामग्री को एकत्रित कर हटाया गया।


सुबह से ही मुकेश राय, प्रकाश यादव, अशोक नामदेव, प्रदीप चावड़ा और भूपेंद्र केवट सहित टीम के सदस्य स्वच्छता मिशन में जुट गए। देखते ही देखते दोपहर तक मलबे से दबा पूरा घाट साफ दिखाई देने लगा। इसके बाद सीवन योद्धा भूपेंद्र केवट नदी में उतरे और नदी में फैली जलकुंभी के साथ पूजन सामग्री को भी बाहर निकाला।


छह महीने पहले भी किया था घाट का कायाकल्प

सीवन पुत्र प्रदीप चावड़ा ने बताया कि लगभग छह महीने पहले भी टीम ने इसी हाथी घाट पर पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ सफाई एवं जलकुंभी हटाने का कार्य किया था, लेकिन कुछ ही समय में लोगों ने दोबारा घाट को गंदगी से भर दिया। उन्होंने कहा कि सीवन अभियान के तहत स्वच्छता और जलकुंभी निकालो अभियान लगातार जारी है।


टीम द्वारा महिला घाट, चद्दर पुल घाट, छतरी घाट और हाथी घाट सहित नदी के विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जा चुका है। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

स्थानीय लोगों ने की सीवन पुत्र टीम की सराहना


स्वच्छता अभियान के दौरान बढ़ियाखेड़ी की अनेक सामाजिक हस्तियां हाथी घाट पहुंचीं। उन्होंने सीवन पुत्र टीम के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए अभियान को आगे बढ़ाने के लिए अपने विचार रखे। इनमें राकेश राय, प्रदीप राय, समाजसेवी सन्नी राय, पवन पाठक, सुनील मेहता, शक्ति जायसवाल और आनंद राय सहित अन्य लोग शामिल रहे।


इन योद्धाओं ने दिया योगदान

भाई दूज पर आयोजित इस विशेष स्वच्छता अभियान में गोपाल आर्य, श्याम विश्वकर्मा, वीरेंद्र सिंह बिसौरिया, दिनेश दिनकर, अशोक नामदेव, मुकेश राय, प्रदीप चावड़ा, प्रकाश यादव और भविष्य मालवीय सहित सीवन पुत्र टीम के सदस्यों ने श्रमदान किया।


सीवन पुत्र टीम का संदेश है कि नदी केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार है। इसे स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। भाई दूज पर बहनों को स्वच्छता का उपहार देकर टीम ने एक बार फिर साबित किया कि सच्ची सेवा वही है, जिसका लाभ समाज और प्रकृति दोनों को मिले। इस अवसर पर समाजसेवी डॉक्टर गगन नामदेव का जन्मदिन मनाया गया।


Post a Comment

0 Comments