सीहोर। जिला मुख्यालय के समीपस्थ चितावलिया हेमा स्थित कुबेरेश्वरधाम में दीपावली का पर्व आस्था, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। दीपोत्सव के अवसर पर पूरा धाम आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी, विद्युत झालरों और विशेष साज-सज्जा से जगमगाता रहा। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा कुबेर भंडारी के दर्शन कर विशेष खजाना पूजन में भाग लिया। श्रद्धालुओं को खजाना वितरित किया गया। अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में लगातार पांच दिनों तक विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। इस अवसर पर पंडित प्रदीप मिश्रा ने गोवर्धन पूजा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति और समस्त जीव-जंतुओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। भगवान श्रीकृष्ण के संदेश के अनुसार इस दिन गौवंश की पूजा की जाती है। सनातन धर्म में गौ माता के शरीर में समस्त देवी-देवताओं का वास माना गया है। गौ माता की सेवा और पूजन से जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आत्मिक आनंद की प्राप्ति होती है।
उन्होंने कहा कि गाय को देवी लक्ष्मी का स्वरूप भी माना गया है। जिस प्रकार मां लक्ष्मी सुख-समृद्धि प्रदान करती हैं, उसी प्रकार गौ माता अपने दूध के माध्यम से मानव जीवन को स्वास्थ्य रूपी धन देती हैं। इसलिए गौ माता संपूर्ण मानव जाति के लिए पूजनीय और आदरणीय हैं। गौ माता के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता प्रकट करने के लिए ही कार्तिक शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि पर गोवर्धन पूजा की जाती है। इस दौरान विठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला सहित अन्य सदस्यों ने श्रद्धालुओं को खजाना वितरित किया। बड़ी संख्या में भक्तों ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
अन्नकूट महोत्सव में 56 भोग से तैयार होगा गिरिराज गोवर्धन का स्वरूप
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि कुबेरेश्वरधाम में आगामी दिनों में भव्य अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर में बृजधाम की झलक दिखाई देगी। भव्य रूप से गोवर्धन पर्वत का स्वरूप सजाया जाएगा और 56 प्रकार के भोग से गिरिराज जी की आकर्षक झांकी तैयार की जाएगी। आयोजन की तैयारियां पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान समिति की महिला सदस्यों और श्रद्धालुओं द्वारा गो पूजन, आकर्षक रंगोली और सजावट की जाएगी। अन्नकूट दर्शन के बाद गौ माता एवं गोवर्धननाथ जी की आरती होगी और श्रद्धालुओं को महाप्रसादी वितरित की जाएगी। दीपोत्सव के पश्चात प्रतिवर्ष कुबेरेश्वरधाम में यह भव्य आयोजन किया जाता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं।
56 और 108 प्रकार के पकवानों का लगेगा भोग
धार्मिक मान्यता के अनुसार अन्नकूट महोत्सव गोवर्धन पूजा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को 56 अथवा 108 प्रकार के पकवानों का भोग अर्पित किया जाता है। विभिन्न प्रकार के मिष्ठान, व्यंजन और सब्जियों से आकर्षक आकृतियां बनाकर भोग सजाया जाता है। इसी विशेष परंपरा के कारण इसे अन्नकूट महोत्सव कहा जाता है। अन्नकूट प्रसादी का भी विशेष महत्व है, क्योंकि इसमें अनेक प्रकार के व्यंजन और सब्जियां शामिल होती हैं। पंडित प्रदीप मिश्रा के संदेश के अनुसार गोवर्धन पूजा प्रकृति, गौ माता और जीवमात्र के प्रति सम्मान व्यक्त करने का पर्व है। महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु गोपाष्टमी पर्व की भावना के साथ गौ माता का पूजन और आराधना भी करेंगे। कुबेरेश्वरधाम में आयोजित होने वाले इस धार्मिक उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।

0 Comments