भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश को अगले दो वर्षों में देश की मिल्क कैपिटल बनाया जाएगा। इसके लिए प्रदेश में दुग्ध संकलन क्षमता 12 लाख से बढ़ाकर 52 लाख किलोग्राम प्रतिदिन करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री रवीन्द्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भोपाल में उन्नत नस्ल की गायों के भ्रूण उत्पादन केंद्र की स्थापना को मंजूरी दी है। इस केंद्र में प्रतिवर्ष एक लाख भ्रूण तैयार किए जाएंगे। वहीं, प्रदेश की 3 हजार से अधिक गौशालाओं में संरक्षित 5.51 लाख गौवंश के भरण-पोषण के लिए 65.66 करोड़ रुपये की अनुदान राशि अंतरित की गई। इसके अलावा उत्कृष्ट पशुपालकों को 2.95 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने गौसेवा, पशुपालन और डेयरी सहकारिता को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का आधार बताया।
0 Comments