सीहोर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर नगर पालिका परिषद और प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शहर के तहसील चौराहे पर सर्वधर्म सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक याद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों द्वारा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, जैन और बौद्ध सहित विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने प्रार्थना पाठ किया। विभिन्न धर्मों की प्रार्थनाओं के माध्यम से आपसी भाईचारे, शांति, सद्भाव और कौमी एकता का संदेश दिया गया।
जनप्रतिनिधियों ने चलाया स्वच्छता अभियान
जयंती के अवसर पर विधायक सुदेश राय, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति, सीएमओ सुधीर कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने तहसील चौराहे पर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया।
विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए भजन और संगीत
कार्यक्रम का संचालन प्रमोद जोशी ने किया। इस अवसर पर संगीतक महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने संगीत एवं भजनों की मनोहारी प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
गांधी के सत्य-अहिंसा और शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन को किया याद
सर्वधर्म सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन, उनके सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेशों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि गांधीजी के विचार आज भी समाज को शांति, सद्भाव और स्वच्छता की दिशा में प्रेरित करते हैं। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन और देश के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उनके प्रसिद्ध नारे 'जय जवान, जय किसानÓ का उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शास्त्रीजी का सरल जीवन, ईमानदारी और देशहित के प्रति समर्पण आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने दोनों महान विभूतियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा, शांति और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।

0 Comments