गांधी जयंती समारोह के साथ हुआ स्वच्छता पखवाडे का भव्य समापन


सीहोर। माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, सीहोर,सूर्या फाउंडेशन द्वारा आयोजित विद्यालय में स्वच्छता पखवाड़ा का समापन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।

स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत विद्यालय की छात्राओं द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं जैसे प्रश्नोत्तरी, निबंध, भाषण, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियों मे भाग लिया गया। छात्राओं ने विद्यालय परिसर एवं गौशाला के अतिरिक्त नगर स्थित प्राचीन गणेश मन्दिर, हनुमान फाटक एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री लोकेश सिंह जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे हमें अपने दैनिक जीवन की आदत बनाना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहते हुए अपने घर, विद्यालय एवं समाज को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर समस्त शिक्षकगण एवं सभी छात्राएँ उपस्थित रहीं समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम,द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वाली प्रतिभाशाली छात्राओं को सहभागिता प्रमाण पत्र देकर उन्हें सम्मानित भी किया गया।सभी छात्राओं एवं शिक्षकों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया। इस संपूर्ण स्वच्छता पखवाड़ा के प्रभारी विद्यालय के शिक्षक श्री मोहन पाल जी एवं शिक्षिका ओमेश्वरी पटले जी रहीं।

Post a Comment

0 Comments