सीहोर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अखिल भारतीय क्षत्रिय राठौर महासभा का राष्ट्रीय शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में महासभा के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने समाज सेवा, संगठन की मजबूती, सामाजिक एकता एवं समाज के सर्वांगीण उत्थान के लिए निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की शपथ ली।
समारोह के दौरान एल्डर मेन श्रीमती हर्षा-सुरेंद्र सिंह राठौर को अखिल भारतीय क्षत्रिय राठौर महासभा में राष्ट्रीय मंत्री पद का दायित्व सौंपा गया। उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर सीहोर सहित क्षेत्र के राठौर समाजजनों में हर्ष एवं गौरव का वातावरण है। समाजजनों ने उनके मनोनयन पर शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व एवं सक्रिय भूमिका से संगठन को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रतन सिंह, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष देवीलाल, राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास राठौर, राष्ट्रीय मंत्री राजेंद्र भदौरिया, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्रीमती सीमा संजय राठौर, सर्वोच्च समिति सदस्य पवन राठौर, पार्षद मनोज राठौर सहित महासभा के विभिन्न पदाधिकारी एवं समाजजन मौजूद रहे।
इस अवसर पर समाज की एकता, संगठन के विस्तार, युवाओं को आगे बढ़ाने, शिक्षा के प्रति जागरूकता, सामाजिक समरसता तथा जरूरतमंद समाजजनों के सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने समाजहित में सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
महासभा का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में पिरोकर आपसी भाईचारे, सहयोग और सम्मान की भावना को मजबूत करना है। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन की मजबूती और समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता से सामाजिक विकास को नई दिशा दी जा सकती है। सामूहिक प्रयासों के माध्यम से युवाओं को शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक गतिविधियों से जोड़ते हुए आने वाली पीढिय़ों के लिए बेहतर अवसर तैयार किए जाएंगे।
राष्ट्रीय शपथ ग्रहण समारोह ने समाज के प्रति जिम्मेदारी, कर्तव्यनिष्ठा और संगठनात्मक एकता का संदेश दिया। नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई गई कि वे अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए समाज की सेवा और संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

0 Comments