प्राचीन जगदीश मंदिर के सामने बने शौचालय को हटाने की मांग श्रद्धालुओं को बदबू से हो रही परेशानी, मंदिर की धार्मिक गरिमा और स्वच्छता को ध्यान में रखकर उचित कार्रवाई की उठाई मांग


सीहोर। शहर के छावनी क्षेत्र में स्थित प्राचीन जगदीश मंदिर हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर के सामने बने शौचालय को लेकर श्रद्धालुओं में नाराजगी है। श्रद्धालुओं का कहना है कि शौचालय से आने वाली दुर्गंध के कारण मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से शौचालय को मंदिर के सामने से हटाने की मांग की है। श्रद्धालुओं के अनुसार, प्राचीन जगदीश मंदिर का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। मंदिर शहर के मध्य स्थित है और यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर के सामने शौचालय होने से स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उनका कहना है कि मंदिर की गरिमा और लोगों की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का समाधान किया जाना चाहिए।

मंदिर परिसर में परमार समाज द्वारा विकास कार्य कराए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर की धार्मिक महत्ता और यहां आने वाले भक्तों की संख्या को देखते हुए आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखना आवश्यक है। शौचालय को किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने से श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानी दूर हो सकती है। प्राचीन जगदीश मंदिर से प्रतिवर्ष भगवान जगन्नाथ की यात्रा निकाली जाती है, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे बड़े धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर के आसपास स्वच्छता और बेहतर व्यवस्था का विशेष महत्व रहता है। श्रद्धालुओं ने संबंधित जिम्मेदारों से मांग की है कि उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए शौचालय को मंदिर के सामने से हटाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि मंदिर आने वाले भक्तों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।


Post a Comment

0 Comments