सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम बिजौरी में एनएसएस का ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित


सीहोर, 15 अक्टूबर 2026 सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस चंद्रशेखर आजाद पीजी महाविद्यालय सीहोर की राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस की बालक एवं बालिका इकाइयों तथा शासकीय विधि महाविद्यालय द्वारा 15 अक्‍टूबर को ग्राम बिजौरी में एक दिवसीय ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने पौधरोपण, स्वच्छता सर्वेक्षण, नशामुक्ति जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक और ग्राम भ्रमण जैसी गतिविधियों में सहभागिता की। उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छता अपनाने, नशे से दूर रहने, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी।


महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. नितिन बातव ने समाजसेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। शिविर का उद्येश्‍य विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जनसेवा की भावना विकसित करना साथ ही ग्रामीणों को जनकल्याणकारी गतिविधियों के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर में सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. श्याम कुमार, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुश्री सुप्रिया गुप्ता, श्रीमती पूर्णिमा सिंह परिहार, डॉ. जितेन्द्र आर्य, डॉ. दुष्यंत कौल, श्री प्रतीक गुप्ता एवं डॉ. दिव्या शर्मा उपस्थित रहे। ग्राम बिजौरी की सरपंच श्रीमती कविता वर्मा ने भी शिविर में सहभागिता कर ग्रामीण विकास और जनभागीदारी के प्रयासों को प्रोत्साहित किया।

Post a Comment

0 Comments