सीहोर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पूर्व चंपा यादव मित्र मंडली द्वारा वरिष्ठजनों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वरिष्ठजनों को पुष्पमाला पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। उपस्थित सदस्यों ने वरिष्ठजनों का आशीर्वाद लेते हुए उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम की शुरुआत नागरिक बैंक के पूर्व संचालक एवं समाजसेवी चंपालाल यादव ने वरिष्ठजनों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत करते हुए की। इस अवसर पर नरेंद्र गोस्वामी, राधेश्याम शर्मा, ए.आर. शेख मुंशी, सेवा यादव, तमकीन बहादुर एवं सफीक ट्रेलर सहित अन्य वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चंपालाल यादव ने कहा कि हमारे बुजुर्गों ने जीवन में बहुत कुछ देखा और सहा है। उनके अनुभव से परिवार और समाज को हमेशा दिशा मिलती है। इसलिए उनका सम्मान करना केवल हमारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हमारा सौभाग्य भी है।
उन्होंने कहा कि गांधी जयंती हमें सादगी, सेवा और मानवता का संदेश देती है। इसी भावना के साथ हमने वरिष्ठजनों के बीच यह कार्यक्रम रखा है। आज उन्हें सम्मानित करके हमें खुशी हो रही है, लेकिन सही मायने में सम्मान तभी होगा, जब हम रोजमर्रा के जीवन में उनका ख्याल रखें, उनकी बातें सुनें और उनके अनुभवों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाएं।”
चंपालाल यादव ने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में परिवार और नई पीढ़ी के लिए वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन पहले से अधिक महत्वपूर्ण । बुजुर्गों के चेहरे की मुस्कान और उनके आशीर्वाद से बड़ी कोई पूंजी नहीं है। हमारा प्रयास है कि समाज में वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना और मजबूत हो उन्होंने कहा।
स्मृति चिन्ह से बढ़कर मिला अपनत्व का सम्मान
सम्मानित वरिष्ठजनों ने आयोजन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर जब अपने लोग साथ आकर सम्मान करते हैं तो मन को बहुत खुशी होती है। यह पुष्पमाला और स्मृति चिन्ह हमारे लिए केवल सम्मान की वस्तुएं नहीं, बल्कि अपनत्व और रिश्तों की गर्माहट का प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भी परिवार और समाज में बुजुर्गों के महत्व का एहसास कराते हैं। चंपा यादव मित्र मंडली ने हमें याद किया और सम्मान दिया, इसके लिए हम हृदय से आभारी हैं।
गांधी जयंती से पहले सेवा और संस्कार का संदेश
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, सादगी, सेवा और मानवता के मूल्यों का संदेश देता है। वरिष्ठजनों का सम्मान इन्हीं मूल्यों को व्यवहार में उतारने का एक सार्थक प्रयास है। आयोजन के माध्यम से युवा पीढ़ी को बुजुर्गों के अनुभवों से सीख लेने और उनके प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता बनाए रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में आशीष गुप्ता, दिलीप गांधी, नवीन भावसार, जितेंद्र तोमर, महेश यादव, प्रवेश उमर, मोहम्मद मतीन, राजेश शर्मा, शुभम शर्मा सहित चंपा यादव मित्र मंडली के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। अंत में वरिष्ठजनों ने आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए ऐसे सामाजिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने की बात कही।

0 Comments