ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती से आक्रोश, कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी ग्रामीणों के साथ विद्युत कंपनी के कार्यपालन अभियंता के नाम सौंपा ज्ञापन, जर्जर तारों और बार-बार फॉल्ट की समस्या उठाई


सीहोर। ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती और जर्जर विद्युत तारों से उत्पन्न समस्याओं को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसको लेकर सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने ग्रामीणों के साथ विद्युत कंपनी के कार्यपालन अभियंता के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेसजनों ने बिजली व्यवस्था में सुधार करने और नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

कांग्रेस के किसान नेता खुमान सिंह गुर्जर ने कहा कि इन दिनों गर्मी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, विद्यार्थियों की पढ़ाई भी जारी है। ऐसे समय में ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। बिजली नहीं रहने से विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में दिक्कत होती है और ग्रामीणों को भी कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्युत कंपनी की लापरवाही के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था प्रभावित हो रही है। अघोषित कटौती के साथ ही जर्जर विद्युत तारों के कारण बार-बार फॉल्ट होने की समस्या बनी रहती है। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से पवन गुर्जर, देवी सिंह तंवर, जफर, अफजल पठान, राकेश अहिरवार, विष्णु विश्वकर्मा, अनीश, किशन, सुरेंद्र लोधी, सुरेंद्र मोविया, जोदराम गुर्जर, वीर सिंह दांगी, शुभम विश्वकर्मा, इदरिश खान, गब्बर अहिरवार और गुरुदयाल दांगी सहित अहमदपुर एवं अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के ग्रामीण मौजूद रहे।


Post a Comment

0 Comments