सीहोर। अग्रकुल प्रवर्तक महाराजा अग्रसेन जी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित छह दिवसीय अग्रसेन जयंती महोत्सव का समापन रविवार को भव्य शोभायात्रा, पुरस्कार वितरण एवं प्रतिभा सम्मान समारोह के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान समाजजनों में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।
रविवार शाम श्री सत्यनारायण मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शुजालपुर से आए विशेष बैंड, घोड़ों पर सवार राजकुमारों तथा बग्गी में विराजित महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। समाजजन पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए और उत्साहपूर्वक शोभायात्रा में सहभागिता की।
इसके पश्चात आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि सुभाष गुप्ता, विशेष अतिथि आनंद अग्रवाल तथा महिला मंडल अध्यक्ष रुक्मणि रोहिला उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रवाल समाज के अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने की। इस अवसर पर श्रीकृष्ण अग्रवाल ट्रस्ट के अध्यक्ष दिलीप राठिया एवं सत्यनारायण मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष नीलेश जयपुरिया सहित समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
मीडिया प्रभारी पवन गुप्ता ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत पांच दिनों तक विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। समापन अवसर पर प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए स्वर्गीय घनश्यामदास बिड़ला की स्मृति में दिया जाने वाला सम्मान इस वर्ष श्रीमती तारामणि अग्रवाल को प्रदान किया गया। यह सम्मान 21 वर्ष पूर्व संस्थापक आशीष गुप्ता, देवेश अग्रवाल, पवन गुप्ता द्वारा स्थापित किया गया था
वहीं, शैक्षणिक एवं व्यावसायिक उपलब्धियों के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट गौरव अग्रवाल एवं यश अग्रवाल को प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन विष्णु दयाल अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर मोहिनी अग्रवाल, संध्या मोदी, विशाल मोदी, अजय अग्रवाल, राजा अग्रवाल, गोविंद मित्तल सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

0 Comments