सीहोर। जिला मुख्यालय के समीपस्थ चितावलिया हेमा स्थित श्री मुरली मनोहर मंदिर, कुबेरेश्वरधाम में आगामी 25 अक्टूबर, रविवार को शरद पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सान्निध्य में विठलेश सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस एक दिवसीय महोत्सव में भगवान श्री मुरली मनोहर का दिव्य श्रृंगार, चंद्र दर्शन, राधा नाम संकीर्तन और डांडिया महोत्सव आकर्षण का केंद्र रहेंगे। महोत्सव के अंतर्गत रात्रि सात बजे भगवान श्री मुरली मनोहर का दिव्य श्रृंगार एवं चंद्र खीर के दर्शन होंगे। इसके बाद शाम 7:30 बजे से रात नौ बजे तक राधा नाम संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। रात नौ बजे से डांडिया महोत्सव होगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति और उत्साह के साथ सहभागिता करेंगे।
कुबेरेश्वरधाम में हाल ही में नवरात्रि का पर्व भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान देर शाम अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में भव्य आरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर परिसर में आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। विठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला सहित अन्य सेवाभावी लोगों ने प्रसादी वितरण में सहयोग किया। इस अवसर पर पंडित प्रदीप मिश्रा ने क्षेत्रवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विजयादशमी अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। यह पर्व नारी शक्ति के सम्मान और सामाजिक समरसता का संदेश भी देता है। नवरात्रि शक्ति, संयम, सेवा और सकारात्मक संकल्पों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देती है। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि की कामना की।
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि पवित्र कंकर-शंकर की भूमि कुबेरेश्वरधाम स्थित श्री मुरली मनोहर मंदिर में शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर भव्य एवं दिव्य महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को भगवान श्री मुरली मनोहर के मनमोहक श्रृंगार और चंद्र दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त होगा। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से वातावरण भक्तिमय बनाया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर भगवान श्री मुरली मनोहर के दर्शन करने तथा राधा नाम संकीर्तन में सहभागिता करने की अपील की। शरद पूर्णिमा महोत्सव के दौरान भगवान श्री मुरली मनोहर के दिव्य दर्शन, राधा नाम संकीर्तन और डांडिया महोत्सव के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति और आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति होगी। विठलेश सेवा समिति द्वारा आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। समिति ने श्रद्धालुओं से महोत्सव में पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रमों का लाभ लेने का आह्वान किया है।

0 Comments