नव ज्योति संगठन के नवरात्रि महोत्सव का पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ समापन, खाटू श्याम भजन गायकों सहित अन्य प्रतिभाओं का किया सम्मान


सीहोर। शहर के छावनी क्षेत्र स्थित नमक चौराहे पर नव ज्योति संगठन के तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय नवरात्रि महोत्सव का समापन पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन-पूजन कर धर्मलाभ लिया। आयोजन में खाटू श्याम भजन गायक अखिलेश माहेश्वरी, उत्कृष्ट अग्रवाल और संतोष राठौर सहित अन्य लोगों का सम्मान किया गया।

नवरात्रि के पावन अवसर पर संगठन की ओर से नौ दिनों तक विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। महोत्सव के पहले दिन उज्जैन की तर्ज पर माता रानी की महाआरती की गई। इसके बाद प्रतिदिन देवी का विशेष अलौकिक श्रृंगार, पूजन और आरती की गई। साथ ही सुंदरकांड पाठ और खाटू श्याम भजन संध्या जैसे कार्यक्रमों ने भक्तिमय वातावरण बनाया। नवरात्रि महोत्सव के अंतिम दिन विधि-विधान से पूजा-अर्चना और पूर्णाहुति की गई। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। आयोजन के दौरान भजन गायकों और सहयोगियों का सम्मान कर उनके योगदान की सराहना की गई। नव ज्योति संगठन के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि नमक चौराहे पर नव ज्योति संगठन द्वारा वर्ष 1960 से लगातार नवरात्रि के अवसर पर माता रानी की आरती और पूजन की परंपरा निभाई जा रही है। हर साल श्रद्धालु उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजन में शामिल होते हैं। संगठन का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ समाज में भक्ति, सद्भाव और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करना है। संगठन की ओर से कार्यक्रम के दौरान नव ज्योति संगठन के अध्यक्ष हिमांशु सोनी, कार्यक्रम अध्यक्ष वंश पचौरी, उपाध्यक्ष अंशुल ताम्रकार, कोषाध्यक्ष गौरव अग्रवाल, सचिव गणेशा जयपुरिया, संगठन मंत्री राघव अग्रवाल और साज-सज्जा प्रभारी चंदन चौरसिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने सहयोग किया। 


Post a Comment

0 Comments