6-6 घंटे की अघोषित बिजली कटौती के विरोध में कांग्रेस ने विद्युत वितरण कंपनी का पुतला फूंका, नवरात्रि में परेशानी हुई तो होगा उग्र आंदोलन-राजीव गुजराती


सीहोर। जिलेभर में लोड सेटिंग के नाम पर की जा रही अघोषित विद्युत कटौती के विरोध में आज शाम 6 बजे कोतवाली चौराहे पर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विद्युत वितरण कंपनी का पुतला फूंककर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जिले में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि जिले के कई क्षेत्रों में 6-6 घंटे तक बिजली गुल रह रही है। अघोषित विद्युत कटौती के कारण आम नागरिक, किसान, व्यापारी, विद्यार्थी और घरेलू उपभोक्ता परेशान हैं। बिना पूर्व सूचना के घंटों बिजली बंद रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है, लेकिन विद्युत विभाग इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान करने में विफल नजर आ रहा है।


उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था केवल विद्युत वितरण कंपनी की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रदेश सरकार की जवाबदेही का भी विषय है। प्रदेश सरकार बिजली व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि जनता को घंटों अंधेरे में रहना पड़ रहा है। यदि सरकार बिजली व्यवस्था को लेकर गंभीर है, तो उसे अधिकारियों की जवाबदेही तय कर अघोषित कटौती पर तत्काल रोक लगानी चाहिए। सरकार की लापरवाही और कुप्रबंधन का खामियाजा आम जनता, किसानों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है।

राजीव गुजराती ने कहा कि नवरात्रि का पावन पर्व प्रारंभ होने जा रहा है। ऐसे महत्वपूर्ण धार्मिक त्योहार के अवसर पर बिजली व्यवस्था की बदहाली जनता की परेशानियां बढ़ा सकती है। नवरात्रि के दौरान मंदिरों, धार्मिक स्थलों, बाजारों और घरों में विशेष आयोजन होते हैं। ऐसे समय में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना विद्युत वितरण कंपनी और प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी है।

राजीव गुजराती ने विद्युत वितरण कंपनी और प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नवरात्रि के दौरान बिजली कटौती के कारण जनता को परेशान होना पड़ा, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, अन्यथा जिला कांग्रेस कमेटी जनता के हित में उग्र आंदोलन करेगी। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी विद्युत विभाग और प्रदेश सरकार की होगी।

कांग्रेस ने मांग की कि लोड सेटिंग के नाम पर की जा रही अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद की जाए, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार किया जाए तथा किसी भी आवश्यक कटौती की पूर्व सूचना उपभोक्ताओं को दी जाए। साथ ही प्रदेश सरकार बिजली विभाग के अधिकारियों की जवाबदेही तय करे और जिले में नियमित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ठोस कार्ययोजना लागू करे।

इस मौके पर उपस्थित कांग्रेसजनों में प्रमुख रूप से घनश्याम यादव, प्रीतम दयाल चौरसिया, राजाराम बड़े भाई, रमेश गुप्ता, सुनील दुबे, सीताराम भारती, रामायण प्रसाद शुक्ला, प्रेमनारायण परमार, घनश्याम मीणा, ईश्वर सिंह चौहान, नरेन्द्र खंगराले, मजीद अंसारी, के.के.रिछारिया, भगत सिंह तोमर, पंकज शर्मा, मोनू शर्मा, आसिफ अंसारी, असरफ अली, मो.अमीर, सद्दाम, हरिओम सिसोदिया, तनिष्क त्यागी, विवेक टाँक, ब्रजेश पाटीदार, नन्दकिशोर मालवीय, भगत सिंह सिलावट सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments