उल्लास एक अभिनव प्रयोग के अंतर्गत जिला न्यायालय में खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग, एडवोकेट-11 बनी क्रिकेट प्रतियोगिता की विजेता


सीहोर, 10 अक्टूबर 2026      विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार सीहोर में उल्लास एक अभिनव प्रयोग के अंतर्गत 9 एवं 10 अक्टूबर 2026 को विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य न्यायिक व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य हितधारकों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करने के साथ आपसी समन्वय, सहयोग एवं टीम भावना को मजबूत करना रहा।

     प्रतियोगिताओं के अंतर्गत 9 अक्टूबर को जिला न्यायालय परिसर में शतरंज, कैरम, बैडमिंटन, म्यूजिकल चेयर रेस एवं रस्साकशी जैसी खेल गतिविधियां आयोजित की गईं। वहीं, 10 अक्टूबर को आवासीय खेलकूद क्रिकेट ग्राउंड में क्रिकेट प्रतियोगिता हुई, जिसमें चार टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला एडवोकेट-11 एवं कोर्ट-11 के बीच खेला गया, जिसमें एडवोकेट-11 की टीम विजेता और कोर्ट-11 की टीम उपविजेता रही। प्रधान जिला न्यायाधीश श्री संजीव कुमार अग्रवाल द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। साथ ही मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज एवं अन्य पुरस्कार भी वितरित किए गए।

   कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती स्वप्नश्री सिंह, अन्य न्यायाधीश, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्य, अधिवक्तागण, पैरा लीगल वॉलंटियर्स एवं न्यायिक कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर खेल भावना, अनुशासन एवं पारस्परिक सहयोग का परिचय दिया।

Post a Comment

0 Comments