सीहोर, 08 अक्टूबर 2026 जिला प्रशासन द्वारा युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 13 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11 बजे जनपद पंचायत कार्यालय आष्टा में युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेले का आयोजन किया जाएगा।
रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों द्वारा लगभग 1500 से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें बैंक असिस्टेंट मैनेजर, कैमिस्ट, कम्प्यूटर ऑपरेटर, फिटर, इलेक्ट्रीशियन, मैकेनिस्ट, सेल्स ऑफिसर, राजमिस्त्री, पॉलिशिंग वर्कर, सिविल इंजीनियर, ऑपरेटर, सुपरवाइजर, एचआर, स्टोर इंचार्ज, मैनेजर, आईटीआई फिटर, टेली-कॉलर, एसी मैकेनिक, सीआरपी ऑपरेटर एवं इंग्लिश टीचर सहित विभिन्न पद शामिल हैं।
मेले में वाल्वो आयशर इंस्प्राश इंजीनियरिंग, दीपक फास्टनर्स, याजाकी इंडिया, टेक्नोटास्क, वर्धमान फैब्रिक्स, स्वतंत्र माइक्रोफाइनेंस, एनआईआईटी, पुखराज हेल्थकेयर प्रा. लि. भोपाल, फ्रीडम एम्पलॉयबिलिटी एकेडमी, आईटीसी फाइबर इनोवेशन लिमिटेड सहित विभिन्न कंपनियां सहभागिता करेंगी। इच्छुक युवक-युवतियां अपने समस्त शैक्षणिक एवं अन्य मूल प्रमाण-पत्रों के साथ मेले में उपस्थित होकर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। भारतीय वायु सेना भोपाल की टीम द्वारा अभ्यर्थियों को अग्निवीर वायु भर्ती के संबंध में करियर मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
रोजगार मेले में जिला चिकित्सालय द्वारा राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत युवक-युवतियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता भी की जाएगी। इसमें सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, हीमोग्लोबिन, बीएमआई एवं ब्लड प्रेशर की जांच के साथ मानसिक स्वास्थ्य, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, नशामुक्ति एवं पोषण संबंधी विषयों पर चिकित्सक एवं परामर्शदाताओं द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा।
0 Comments