सीहोर, 08 अक्टूबर 2026 महात्मा गांधी जी की 157वीं जयंती के अवसर पर 02 अक्टूबर से 08 अक्टूबर 2026 तक आयोजित नशा मुक्ति सप्ताह का जिला स्तरीय समापन कार्यक्रम सीहोर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि डा. सुरेंद्र मेवाड़ा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सहायक संचालक श्री आकाश गोयल, रोजगार अधिकारी श्री कमलेश पटेल एवं वसुंधरा वेलफेयर के अध्यक्ष श्री अर्जुन सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, संस्था प्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर नशे से होने वाली सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी हानियों की जानकारी देते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशा मुक्ति के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
नशा मुक्ति सप्ताह के अंतर्गत जिले में विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, नशा मुक्ति संदेश आधारित रैली, प्रश्न मंच, स्लोगन एवं अन्य प्रतियोगिताएं, ग्राम एवं वार्ड स्तर पर जागरूकता गतिविधियां तथा e-Pledge के माध्यम से नशा मुक्ति की शपथ जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार तथा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए नशे के विरुद्ध जन जागरूकता अभियान को निरंतर जारी रखने का संदेश दिया।
.jpeg)
0 Comments