मद्य निषेध सप्ताह के अंतर्गत छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक एवं मानव श्रृंखला के माध्यम से दिया नशामुक्त का संदेश


सीहोर, 02 अक्टूबर 2026। महात्मा गांधी जी की 157वीं जयंती के अवसर पर शासन के निर्देशानुसार 02 अक्टूबर से 08 अक्टूबर 2026 तक आयोजित मद्य निषेध सप्ताह के अंतर्गत शासकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, सीहोर की छात्राओं द्वारा आज विभिन्न नशामुक्ति जागरूकता गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की गई।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने मानव श्रृंखला, नुक्कड़ नाटक एवं जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज का संदेश दिया। छात्राओं ने प्रभावी प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर श्री गिरिराज सिंह परिहार एवं सहायक संचालक श्री महेश यादव द्वारा छात्राओं को मार्गदर्शन प्रदान किया गया। उन्होंने नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास के लोगों को नशे से मुक्त होने के लिए प्रेरित करना चाहिए। अधिकारियों ने छात्राओं को शासन द्वारा संचालित नशामुक्ति एवं जनजागरूकता अभियानों में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने परिवार, आसपास के क्षेत्र एवं समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर डॉ. प्रमोद शर्मा, प्राचार्य ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नशामुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में विद्यार्थियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्रों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डॉ. स्मिता शर्मा, श्री विश्वास बगवैया, श्रीमती कामिनी तोमर, श्रीमती श्वेता यादव, श्रीमती शक्ति तिवारी, सुश्री चेतना भाटी सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं ने नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने का संकल्प व्यक्त किया।


Post a Comment

0 Comments