आईसीएआर-एनएईएबी की पीयर रिव्यू टीम ने आर.ए.के. कृषि महाविद्यालय का किया विस्तृत निरीक्षण शैक्षणिक गुणवत्ता, शिक्षण व्यवस्था, अनुसंधान, अधोसंरचना एवं छात्र सुविधाओं का हुआ भौतिक सत्यापन

सीहोर, 28 सितम्बर 2026     राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर के अंतर्गत संचालित आर.ए.के. कृषि महाविद्यालय, सीहोर में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के राष्ट्रीय कृषि शिक्षा प्रत्यायन बोर्ड (एनएईएबी) की प्रत्यायन प्रक्रिया के अंतर्गत पीयर रिव्यू निरीक्षण किया गया। पीयर रिव्यू टीम के सदस्य डॉ. बृज लाल लकाड़िया ने महाविद्यालय का विस्तृत निरीक्षण एवं शैक्षणिक समीक्षा की। निरीक्षण महाविद्यालय द्वारा प्रस्तुत सत्र 2021-22 से 2025-26 के स्व-अध्ययन प्रतिवेदन (एसएसआर) के आधार पर किया गया।

     निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं, शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया, अनुसंधान एवं शोध गतिविधियों, मानव संसाधन, आधारभूत संरचना, कृषि प्रसार तथा छात्र कल्याण से संबंधित विभिन्न पहलुओं का अवलोकन एवं भौतिक सत्यापन किया गया। प्रभारी अधिष्ठाता डॉ. एस.पी. दत्ता ने विगत पांच वर्षों की उपलब्धियों, संसाधनों, शैक्षणिक गतिविधियों एवं छात्र हित में किए गए विकास कार्यों का प्रस्तुतीकरण दिया। इसके बाद महाविद्यालय एवं स्नातक कार्यक्रम की जानकारी प्रस्तुत की गई तथा टीम द्वारा विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक प्रश्न एवं स्पष्टीकरण प्राप्त किए गए।

     पीयर रिव्यू टीम ने महाविद्यालय में संचालित स्नातक एवं स्नातकोत्तर कार्यक्रमों, पाठ्यक्रम, शिक्षण व्यवस्था एवं मूल्यांकन प्रणाली की समीक्षा की। कक्षाओं, पुस्तकालय, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी सुविधाओं, अधिष्ठाता कार्यालय एवं प्रदर्शनी हॉल का निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही पादप रोग विज्ञान, आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन, कृषि शस्य विज्ञान, उद्यानिकी, मृदा विज्ञान, कीट विज्ञान एवं कृषि प्रसार शिक्षा सहित विभिन्न विभागों में जाकर शैक्षणिक एवं अनुसंधान गतिविधियों तथा अभिलेखों का भौतिक सत्यापन किया गया।

      निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों, तकनीकी कर्मचारियों, कृषकों एवं पूर्व छात्रों के साथ संवाद एवं फीडबैक सत्र भी आयोजित किया गया। टीम ने महाविद्यालय के शिक्षण फार्म एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही व्यावहारिक एवं खेत-आधारित प्रशिक्षण सुविधाओं का अवलोकन किया। छात्रावास, खेलकूद, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) सहित छात्र कल्याण एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। पीयर रिव्यू टीम द्वारा महाविद्यालय की उपलब्धियों एवं विभिन्न गतिविधियों से संबंधित दस्तावेजों एवं अभिलेखों का सत्यापन किया गया। आवश्यकतानुसार अतिरिक्त दस्तावेज एवं स्पष्टीकरण भी प्रस्तुत किए गए। निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय प्रशासन, विभागाध्यक्षों, शिक्षकों एवं तकनीकी कर्मचारियों ने टीम को आवश्यक सहयोग प्रदान किया।


     आर.ए.के. कृषि महाविद्यालय में आईसीएआर-एनएईएबी की पीयर रिव्यू प्रक्रिया संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं संस्थागत व्यवस्थाओं के बाह्य मूल्यांकन की दिशा में महत्वपूर्ण चरण है। इसके माध्यम से शैक्षणिक संसाधनों, शिक्षण-अधिगम व्यवस्था, शोध वातावरण, अधोसंरचना, कृषि प्रसार एवं छात्र-केंद्रित गतिविधियों का निर्धारित मानकों के अनुरूप अवलोकन एवं सत्यापन किया गया। निरीक्षण के समापन अवसर पर टीम के सदस्य के साथ संवाद हुआ। पीयर रिव्यू टीम द्वारा महाविद्यालय के छात्र हित, अनुसंधान, कृषि प्रसार एवं विकास कार्यों के प्रयासों की सराहना की गई तथा इसके बाद टीम सदस्य ने भोपाल के लिए प्रस्थान किया

Post a Comment

0 Comments