सीहोर, 28 सितम्बर 2026 अनुविभागीय अधिकारी (खाद्य शाखा) भैरूंदा द्वारा ग्राम पंचायत मंजीखेड़ी में रिक्त शासकीय उचित मूल्य दुकान के आवंटन के लिए संशोधित प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है। दुकान आवंटन के लिए पात्र संस्थाओं एवं समूहों से 29 सितम्बर से 9 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। शासकीय उचित मूल्य दुकान आवंटन के लिए पात्र संस्थाएं https://rationmitra.nic.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। पात्र संस्थाओं में मध्यप्रदेश सहकारी सोसायटी अधिनियम, 1960 के अंतर्गत वर्गीकृत उपभोक्ता, विपणन, उत्पादक, बहु प्रयोजन एवं संसाधन सोसायटियां, महिला स्व-सहायता समूह तथा संयुक्त वन प्रबंधन समितियां शामिल हैं।
पात्र संस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में प्रत्येक शासकीय उचित मूल्य दुकान के लिए पृथक विक्रेता की शर्त पर आवेदन कर सकती हैं। महिला स्व-सहायता समूहों के लिए महिला विक्रेता की शर्त लागू होगी। दुकान आवंटन से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए कार्यालयीन दिवसों में अनुविभागीय अधिकारी खाद्य शाखा, भैरूंदा के कक्ष क्रमांक-5 में संपर्क किया जा सकता है। पूर्व में ग्राम पंचायत नीलकंठ एवं मंजीखेड़ी में दुकान आवंटन के लिए जारी प्रेस विज्ञप्ति में ग्राम पंचायत नीलकंठ के संबंध में प्राप्त आपत्ति सही पाए जाने के बाद पूर्व विज्ञप्ति को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। अब केवल रिक्त ग्राम पंचायत मंजीखेड़ी के लिए संशोधित विज्ञप्ति के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
0 Comments