आंगन मिलन कार्यक्रम में गूंजा महिला सशक्तिकरण और पोषण का संदेश पांच आंगनबाड़ी केंद्रों ने संयुक्त रूप से किया आयोजन, कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य कर्मियों का सम्मान


सीहोर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित आंगन मिलन कार्यक्रम के तहत सोमवार को वार्ड क्रमांक-14 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-31 में पांच आंगनबाड़ी केंद्रों द्वारा संयुक्त रूप से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ महिला सशक्तिकरण और घरेलू हिंसा के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वार्ड पार्षद संतोष शाक्य, पुष्पलता राठौर एवं प्रशांत राठौर उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा पांचों आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के साथ एएनएम श्रीमती रेखा तोमर एवं आशा कार्यकर्ता का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया। साथ ही परियोजना की पर्यवेक्षक श्रीमती भूपेन्द्र अहिरवार का भी सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं विभागीय अधिकारियों ने महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाड़ली बहना योजना एवं लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया एवं पात्रता के संबंध में भी महिलाओं को जागरूक किया गया।

इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण टीम का स्वागत एवं सम्मान किया गया। टीम द्वारा महिलाओं को घरेलू हिंसा से संबंधित कानूनी अधिकारों एवं सहायता के संबंध में जानकारी देते हुए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित हितग्राहियों को फल एवं मिठाई का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों को शासन की योजनाओं से जोडऩे, स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करने तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, स्वास्थ्य विभाग की टीम, महिलाएं एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments