सीहोर। सेवा संकल्प अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 21, केंद्र क्रमांक 44, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती मिथिलेश राठौर सहित पार्षद प्रतिनिधि कमलेश कुशवाहा, विनीत मिश्रा, नितिन चौहान एवं आंगनवाड़ी पर्यवेक्षक श्रीमती नीलम पटेल उपस्थित रहीं। इस अवसर पर अतिथियों एवं उपस्थितजनों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता सक्सेना, सीमा मालवीय, सहायिका ललिता कौशल, सुनीता मालवीय सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे। बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सभी बच्चों को ट्रॉफी, बिस्किट एवं फल वितरित किए गए।
इस अवसर पर महिलाओं एवं उपस्थितजनों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़ी महिलाओं एवं बच्चों को स्वास्थ्य, पोषण तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

0 Comments