हिंदी जन-जन की भाषा और भारतीय संस्कृति की पहचान है : प्राचार्य डॉ. रोहिताश्व कुमार शर्मा


सीहोर, 16 सितम्बर 2026     प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस चन्द्रशेखर आजाद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सीहोर में भारतीय ज्ञान परंपरा के अंतर्गत हिंदी पखवाड़ा के अवसर पर हिंदी दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की उपासना के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने भाषण प्रतियोगिता सहित विभिन्न साहित्यिक गतिविधियों में सहभागिता की।


    प्राचार्य डॉ. रोहिताश्व कुमार शर्मा ने कहा कि हिंदी जन-जन की भाषा होने के साथ भारतीय संस्कृति, परंपरा और जीवन-मूल्यों की संवाहक है। हिंदी साहित्य मानवता, समानता, करुणा, सेवा, त्याग एवं कर्तव्य पालन जैसे मूल्यों की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि हिंदी विभिन्न भाषाओं और बोलियों के बीच संपर्क एवं संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है तथा इसके विकास और प्रसार में अनेक महापुरुषों का योगदान रहा है।

     कार्यक्रम में हिंदी विभागाध्यक्ष सुशीला पटेल ने कविता पाठ एवं हिंदी भाषा की विशेषताओं पर व्याख्यान दिया। भारतीय ज्ञान परंपरा की प्रभारी डॉ. तृप्ता झा ने भी विचार व्यक्त किए। संचालन डॉ. सिद्धनाथ खजूरिया ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments