नन्हे-मुन्ने बच्चों ने घर-घर पहुंचाया स्वच्छता का संदेश शासकीय माध्यमिक विद्यालय महुआखेड़ी तकीपुर में स्वच्छता पखवाड़ा हर्षोल्लास से मनाया


सीहोर। शासन के निर्देशानुसार शासकीय माध्यमिक विद्यालय महुआखेड़ी तकीपुर में दिनांक 1 से 15 सितंबर 2026 तक स्वच्छता पखवाड़े का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों, शाला प्रबंधन समिति एवं ग्राम समुदाय ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पखवाड़े के अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण, एकल उपयोग प्लास्टिक मुक्त गांव, साबुन से हाथ धोने की सही विधि, वृक्षारोपण, बागवानी तथा व्यक्तिगत स्वच्छता जैसे नाखून काटना, नियमित स्नान करना एवं विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

विद्यार्थियों द्वारा ग्राम में स्वच्छता रैली निकाली गई। इसके साथ ही स्लोगन लेखन, पोस्टर निर्माण, साफ-सफाई अभियान, नुक्कड़ नाटक, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों ने ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराते हुए स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्वच्छ एवं हरित नोडल अधिकारी देवेन्द्र राठौर ने जल संरक्षण की विभिन्न तकनीकों की जानकारी विद्यार्थियों एवं ग्रामवासियों को दी। वहीं गायत्री शक्ति पीठ से आर.के. सिंह ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन में अपनाने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

स्वच्छता पखवाड़े के दौरान बच्चों ने स्वच्छ गांव-स्वस्थ गांव और स्वच्छता को कहें हां, गंदगी को कहें ना जैसे नारों के साथ घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों से स्वच्छता अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त स्टाफ, एसएमसी अध्यक्ष, शिक्षक सतीश त्यागी, गोवर्धन, सरिता ठाकुर, साक्षी पालीवाल, शालिनी, एसएमसी अध्यक्ष पर्वत भारती सहित ग्रामवासी राजेश परमार, कालूराम भारती एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments