तीन दिवसीय बैंक हड़ताल के मद्देनजर 27 सितंबर को खुलेंगी बैंक शाखाएं वित्त मंत्रालय और RBI ने रविवार को बैंक शाखाओं एवं करेंसी चेस्ट संचालित रखने की दी मंजूरी

सीहोर, 25 सितम्बर 2026   28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए वित्त मंत्रालय और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने महत्वपूर्ण व्यवस्था की है। हड़ताल के दौरान बैंकिंग सेवाओं और नकदी प्रबंधन पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को कम करने के उद्देश्य से 27 सितंबर, रविवार को बैंक शाखाओं तथा करेंसी चेस्ट को संचालित रखने की मंजूरी दी गई है।


     इस व्यवस्था के तहत रविवार को बैंक शाखाओं में आवश्यक बैंकिंग कार्य किए जा सकेंगे, जबकि करेंसी चेस्ट के संचालन से बैंकों में पर्याप्त नकदी की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलेगी। तीन दिवसीय हड़ताल के दौरान ग्राहकों को नकदी निकासी, जमा, भुगतान तथा अन्य बैंकिंग सेवाओं से संबंधित कार्यों को दृष्टिगत रखते हुए 27 सितंबर रविवार को बैंकिंग चालू रहेंगे l


    वित्त मंत्रालय और RBI की ओर से की गई यह व्यवस्था विशेष रूप से नकदी आपूर्ति और बैंकिंग परिचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए की गई है। बैंक ग्राहकों के लिए सलाह है कि वे हड़ताल की अवधि को ध्यान में रखते हुए आवश्यक बैंकिंग एवं नकदी संबंधी कार्य पहले से पूरा कर लें।

Post a Comment

0 Comments