सीहोर, 25 सितम्बर 2026 शासकीय कन्या महाविद्यालय, सीहोर में सेवा संकल्प कार्यक्रम का आयोजन भारतीय ज्ञान परंपरा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 25 सितंबर 2026 को संकल्प वृद्धाश्रम, सीहोर के विशेष आग्रह पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, जिला सीहोर के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय “संकल्प पीढ़ी संवाद—अनुभव से भविष्य की ओर” कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं एवं प्राध्यापकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी एवं वरिष्ठजनों के मध्य संवाद स्थापित करना तथा वरिष्ठजनों के जीवन-अनुभवों, संघर्षों और ज्ञान से विद्यार्थियों को परिचित कराना था। इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं ने संकल्प वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठजनों से आत्मीय संवाद किया और उनके जीवन के अनुभवों को जाना।
कार्यक्रम में छात्राओं ने वरिष्ठजनों के साथ समय बिताते हुए उनके विचारों एवं अनुभवों को ध्यानपूर्वक सुना। इस संवाद से छात्राओं को यह समझने का अवसर मिला कि वरिष्ठजन अपने जीवन के अनुभवों के माध्यम से युवा पीढ़ी को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान कर सकते हैं। भारतीय ज्ञान परंपरा में वरिष्ठजनों के अनुभव एवं मार्गदर्शन को विशेष महत्व दिया गया है। युवा पीढ़ी और वरिष्ठजनों के बीच संवाद हमारी सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करता है तथा विद्यार्थियों में सेवा, सम्मान और संवेदनशीलता की भावना विकसित करता है।
कार्यक्रम में प्राध्यापकों ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए छात्राओं को सामाजिक उत्तरदायित्व, सेवा-भावना एवं वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया। “अनुभव से भविष्य की ओर” की अवधारणा के माध्यम से छात्राओं ने वरिष्ठजनों के अनुभवों से सीखने और उन्हें सम्मान देने का संदेश प्राप्त किया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यार्थियों में सेवा-भावना, मानवीय संवेदनशीलता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा भारतीय जीवन-मूल्यों को विकसित करने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।

0 Comments