कानून वही है जो स्वाभाविक रूप से सही है – स्वप्नश्री सिंह सशक्त युवा-सशक्त भारत विषय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित



सीहोर, 02 सितंबर 2026     जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला न्यायालय सीहोर द्वारा नालसा जागृति योजना के अंतर्गत “सशक्त युवा-सशक्त भारत” विषय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हिताय संस्था एवं न्याय सेवा प्रोजेक्ट के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को उनके विधिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा कानून से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था।


      जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री फारूक सिद्दीकी ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की विधिक संरचना तथा आमजन को उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी।


      कार्यक्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री दीपेंद्र मालू एवं श्री कृतिक बघेल द्वारा साइबर अपराधों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। उन्होंने युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों, सतर्कता तथा डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जागरूक किया।


      कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं वक्ता सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीहोर श्रीमती स्वप्नश्री सिंह ने कहा कि “कानून वही है जो स्वाभाविक रूप से सही है।” उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने विविध प्रकार की आवश्यकताओं वाले बच्चों के अधिकारों, पॉक्सो अधिनियम एवं किशोर न्याय अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री नंबर 15100 के संबंध में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की।


      कार्यक्रम का संचालन श्री उमेश पंसारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में “सशक्त युवा-सशक्त भारत” थीम पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Post a Comment

0 Comments