सीहोर में राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन 7 से 11 सितंबर तक प्रदेश के विभिन्न संभागों से लगभग 850 प्रतिभागी एवं अधिकारी होंगे शामिल

सीहोर, 02 सितंबर 2026     जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सीहोर से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन 07 सितंबर से 11 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर जिला शिक्षा विभाग द्वारा आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।


प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य स्तरीय आयोजन में प्रदेश के विभिन्न संभागों से लगभग 850 प्रतिभागी एवं अधिकारीगण सम्मिलित होंगे। प्रतियोगिता में निर्धारित आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं विभिन्न खेल विधाओं में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।


प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए प्रतिभागियों एवं अधिकारियों के ठहरने, भोजन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दायित्व सौंपे गए हैं। आयोजन स्थल पर प्रतिभागियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा प्रतियोगिताओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रतियोगिता के आयोजन से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का निर्धारित समय-सीमा में निर्वहन करने तथा प्रतिभागियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से जिले में खेल गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा


राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन से जिले में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं संभागों से आने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आगामी स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए चयनित हो सकेंगे।

Post a Comment

0 Comments