सिद्धपुर में जन्माष्टमी पर मचेगा मटकी फोड़ महासंग्राम, पहली बार महिला टीम उतरेगी; विजेता को मिलेंगे ₹1 लाख भक्ति, रोमांच और परंपरा का संगम


सीहोर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सिद्धपुर इस बार मिनी वृंदावन के रूप में नजर आएगा। 6 सितंबर, रविवार को शाम 5 बजे मुख्य बस स्टैंड परिसर में प्रादेशिक सनातनी मटकी फोड़ महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन में जहां प्रदेशभर से करीब एक दर्जन टीमें मटकी फोड़ने के लिए दमखम दिखाएंगी, वहीं पहली बार महिला टीम भी प्रतियोगिता में उतरकर अपनी प्रतिभा और सामूहिक तालमेल का प्रदर्शन करेगी। विजेता टीम को एक लाख रुपए नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।


गांव-गांव पहुंचकर दिया जा रहा निमंत्रण


महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मुख्य आयोजक विवेक राठौर अपनी टीम के साथ पिछले करीब एक पखवाड़े से आयोजन को भव्य बनाने में जुटे हैं। विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों और धर्मप्रेमी नागरिकों को सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया जा रहा है। आयोजकों का उद्देश्य जन्माष्टमी के पर्व को सामूहिक धार्मिक उत्सव के रूप में मनाना है।


एक लाख और ट्रॉफी के लिए होगा जोरदार मुकाबला


मटकी फोड़ प्रतियोगिता में अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाली टीमें ऊंचाई पर टंगी मटकी को फोड़ने के लिए मानव पिरामिड बनाएंगी। इस दौरान टीमों के बीच संतुलन, साहस, ताकत और आपसी तालमेल की कड़ी परीक्षा होगी। आकर्षक एक लाख रुपए के नकद पुरस्कार और ट्रॉफी को लेकर टीमों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।


पहली बार महिला टीम दिखाएगी दम


इस बार महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण महिला टीम की भागीदारी होगी। पहली बार महिलाएं मटकी फोड़ प्रतियोगिता के मैदान में उतरेंगी। टीम की सदस्य भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति के बीच सामूहिक साहस, संतुलन और तालमेल का प्रदर्शन करेंगी। महिला टीम के शामिल होने से आयोजन को नया स्वरूप मिलने की उम्मीद है।


भोपाल सहित कई क्षेत्रों से पहुंचेंगी टीमें


प्रतियोगिता में सीहोर के अलावा भोपाल, बैरसिया, मैना, आमाझिर, रातीबड़ सहित विभिन्न स्थानों की करीब एक दर्जन टीमें पंजीयन करा चुकी हैं। वहीं आने वाले दिनों में कुछ और टीमों के शामिल होने की संभावना है। सीहोर नगर के ग्वालटोली की टीम भी पहली बार इतने बड़े आयोजन में हिस्सा लेगी। इसके लिए युवा खिलाड़ी लगातार अभ्यास कर रहे हैं।

सजेगा मिनी वृंदावन, गूंजेंगे कृष्ण भक्ति के जयकारे

जन्माष्टमी के अवसर पर सिद्धपुर को मिनी वृंदावन का स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है। मुख्य बस स्टैंड परिसर में मंच और आसपास के क्षेत्र को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। कृष्ण भक्ति गीतों, धार्मिक वातावरण और बाल गोपाल की लीलाओं की झलक के बीच पूरा परिसर कृष्णमय नजर आएगा।


पंडित प्रदीप मिश्रा की मौजूदगी बढ़ाएगी आयोजन की भव्यता


आयोजकों के अनुसार प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। उनकी मौजूदगी को लेकर धर्मप्रेमी नागरिकों में विशेष उत्साह है। वहीं बजरंग दल के प्रांत टोली सदस्य विवेक राठौर और नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर के नेतृत्व में आयोजन समिति मंच, सजावट, सुरक्षा और जन-सुविधाओं की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी है। आयोजन समिति ने धर्मप्रेमी नागरिकों से 6 सितंबर की शाम परिवार सहित सिद्धपुर पहुंचकर मटकी फोड़ महोत्सव का हिस्सा बनने की अपील की है। जन्माष्टमी पर ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष के बीच मटकी फूटने का रोमांच सिद्धपुर की शाम को यादगार बनाने की तैयारी में है।


Post a Comment

0 Comments