सीहोर। आगामी 6 सितंबर को सीहोर में प्रस्तावित मटकी फोड़ कार्यक्रम को लेकर मुस्लिम समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल ने मज्जू खान के नेतृत्व में अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन का वाचन करते हुए मज्जू खान ने कहा कि उनके संज्ञान में आया है कि कार्यक्रम में ‘लव जिहाद की मटकी फोड़’ जैसे विषय के माध्यम से मुस्लिम समाज के संबंध में आपत्तिजनक बातें किए जाने की संभावना है। ज्ञापन में कहा गया कि मुस्लिम समाज किसी धार्मिक कार्यक्रम के आयोजन का विरोध नहीं करता, बल्कि आपत्ति केवल ऐसी भाषा या विषय-वस्तु को लेकर है, जिससे किसी धर्म या समाज की भावनाएं आहत हों अथवा शहर की शांति और आपसी भाईचारे पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने तथा कार्यक्रम की अनुमति एवं प्रस्तावित गतिविधियों की भी जांच करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि यदि प्रशासन को लगता है कि कार्यक्रम से सामाजिक सद्भाव प्रभावित हो सकता है, तो कार्यक्रम की अनुमति निरस्त करने पर विचार किया जाए। साथ ही मुस्लिम समाज ने मांग की कि सीहोर में धार्मिक एवं पारंपरिक त्योहार हमेशा की तरह शांतिपूर्ण, मर्यादित और आपसी भाईचारे के साथ आयोजित हों। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या संगठन का विरोध करना नहीं, बल्कि शहर की शांति, सद्भाव और सामाजिक भाईचारा बनाए रखना है।

0 Comments