अंडर-15 जिला क्रिकेट टीम के लिए 2 अक्टूबर को पंजीयन, 3 अक्टूबर को ट्रायल बीएसआई मैदान पर सुबह 11 से शाम 5 बजे तक होगी प्रक्रिया, जिले के सभी ब्लॉकों के खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा

सीहोर। मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आगामी दिनों में आयोजित होने वाली अंतरजिला स्तरीय अंडर-15 क्रिकेट प्रतियोगिता को लेकर जिला क्रिकेट एसोसिएशन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सीहोर जिले की अंडर-15 टीम के गठन के लिए 2 अक्टूबर को बीएसआई मैदान पर खिलाड़ियों का पंजीयन किया जाएगा। पंजीयन की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। इसके बाद 3 अक्टूबर को खिलाड़ियों का ट्रायल आयोजित किया जाएगा। ट्रायल के बाद चयनित खिलाड़ियों के लिए 3 से 5 अक्टूबर तक प्रशिक्षण शिविर एवं अभ्यास मैच आयोजित किए जाएंगे। इन दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन, खेल कौशल और तकनीकी क्षमता को परखा जाएगा। इसके उपरांत एमपीसीए एवं बीडीसीए के पर्यवेक्षकों और चयनकर्ताओं द्वारा खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर जिला अंडर-15 टीम का गठन किया जाएगा। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं विधायक सुदेश राय तथा सचिव अतुल तिवारी के मार्गदर्शन में पूरी चयन प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। जिले की क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से एसोसिएशन द्वारा सभी ब्लॉकों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जा रहा है।

जिलेभर के खिलाड़ियों को मिलेगा मौका

जिला क्रिकेट एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि अंडर-15 चयन प्रक्रिया में जिले के भैरुंदा, बुधनी, आष्टा, इछावर, श्यामपुर, सीहोर, दोराहा, अहमदपुर, जावर, मेहतवाड़ा, बिलकिसगंज सहित सभी ब्लॉकों के 15 वर्ष तक की आयु वाले खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को 2 अक्टूबर को बीएसआई मैदान पहुंचकर पंजीयन कराना होगा। इसके बाद 3 अक्टूबर को ट्रायल में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। चयन प्रक्रिया के लिए एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष एवं सीनियर खिलाड़ी वीरू वर्मा, जिला खेल अधिकारी अताउल्ला खान, आशीष शर्मा, चेतन मेवाड़ा और अतुल त्रिवेदी सहित अन्य अनुभवी सदस्य मौजूद रहेंगे।

तीन दिन प्रशिक्षण और अभ्यास मैचों में परखी जाएगी प्रतिभा

ट्रायल के बाद चयनित खिलाड़ियों को 3 से 5 अक्टूबर तक प्रशिक्षण एवं अभ्यास मैच कराए जाएंगे। इस दौरान सीनियर कोच खिलाड़ियों को बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण के साथ क्रिकेट की तकनीकी बारीकियों से अवगत कराएंगे। अभ्यास मैचों के माध्यम से खिलाड़ियों की वास्तविक खेल क्षमता, प्रदर्शन और टीम भावना को भी परखा जाएगा। इसके बाद एमपीसीए और बीडीसीए के पर्यवेक्षकों एवं चयनकर्ताओं द्वारा खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन कर 16 सदस्यीय जिला अंडर-15 टीम का गठन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को आगामी अंतरजिला स्तरीय प्रतियोगिता में भोपाल संभाग का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

क्रिकेट प्रतिभाओं को मिल रही नियमित प्रशिक्षण की सुविधा

जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं विधायक सुदेश राय के सहयोग से जिले में क्रिकेट प्रतिभाओं को लगातार प्रशिक्षण और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। एसोसिएशन और सीनियर खिलाड़ियों द्वारा बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बीएसआई मैदान के समतलीकरण सहित अन्य व्यवस्थाओं में सुधार किए जाने से खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर वातावरण मिल रहा है। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने जिले के सभी ब्लॉकों के अंडर-15 खिलाड़ियों से अपील की है कि वे 2 अक्टूबर को निर्धारित समय में बीएसआई मैदान पहुंचकर पंजीयन कराएं तथा 3 अक्टूबर से शुरू होने वाली चयन प्रक्रिया में शामिल होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें।


Post a Comment

0 Comments