जिला स्तरीय बाल रंग प्रतियोगिता में सेंट एंस विद्यालय का जलवा तबला वादन में देवेश्वर वर्मा ने जीता प्रथम स्थान, मालवी भैरू गीत ने जीता सबका दिल


सीहोर। लोक शिक्षण संचनालय, शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय बाल रंग प्रतियोगिता का आयोजन उत्कृष्ट विद्यालय सीहोर में संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में जिले भर के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, लेकिन सेंट एंस विद्यालय के छात्रों ने अपनी कला से ऐसा समां बांधा कि पूरा सभागार लोक रंग में रंग गया।

विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर अल्का के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से विद्यालय के छात्रों ने दो विधाओं में शानदार प्रस्तुति दी।

----------------------------

तबला वादन में प्रथम स्थान

विद्यालय के कक्षा छठवीं के प्रतिभाशाली छात्र देवेश्वर वर्मा ने जूनियर वर्ग तबला वादन प्रतियोगिता में अपनी लय और ताल से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। देवेश्वर ने मंच पर उठान, पेशकार, कायदा एवं टुकड़े की ऐसी सधी हुई प्रस्तुति दी कि निर्णायक मंडल सहित सभागार में उपस्थित सभी श्रोताओं ने तालियों की गडग़ड़ाहट से उसका स्वागत किया। अपनी इस उत्कृष्ट प्रस्तुति के बल पर देवेश्वर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। उन्हें जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

---------------------------

मालवांचल के भैरू गीत ने बांधा समां

वहीं दूसरी प्रस्तुति में अगस्त्य एवं समूह द्वारा मालवांचल का अत्यंत प्रचलित लोकगीत 'भैरूगीत - म्हारा पियरला री बाट भैरूजी रो ओटलो की प्रस्तुति दी गई। बच्चों की सुमधुर आवाज और लोक धुन ने पूरे सभागार को लोकमय बना दिया।

इस समूह में साथी कलाकार के रूप में शिवांश वर्मा, अक्षिता दिसोरिया, अरुणिमा पांडे, धैर्यवर्धन शर्मा, आर्यन नागिया, श्रीहन सोनी ने गायन में संगत की, जबकि संगतकार के रूप में मांगीलाल ठाकुर (हारमोनियम) एवं ढोलक पर मोहित ठाकुर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विद्यालय की इस उपलब्धि पर प्राचार्या सिस्टर अल्का ने सभी विजेता छात्रों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।अब यह विजेता दल 3 अक्टूबर को भोपाल में आयोजित होने वाली संभागीय स्तरीय बाल रंग प्रतियोगिता में सीहोर जिले का प्रतिनिधित्व करेगा।


Post a Comment

0 Comments