वार्ड क्रमांक 25 में 45 लाख रुपए के नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन लंबे समय से चली आ रही नागरिकों की मांग हुई पूरी, नाली निर्माण से जल निकासी की समस्या से मिलेगी राहत


सीहोर। नगर पालिका परिषद सीहोर द्वारा शहर के वार्ड क्रमांक 25 में नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। वार्ड क्रमांक 25 में लगभग 45 लाख रुपए की लागत से विभिन्न नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर द्वारा किया गया।

भूमिपूजन के अंतर्गत मंडी माता मंदिर से पोस्ट ऑफिस होते हुए नाले तक नाली निर्माण एवं जनता कॉलोनी की आंतरिक नालियों का निर्माण कार्य किया जाएगा, जिसकी लागत लगभग 32 लाख रुपए है। इसके साथ ही शिव आराध्या कॉलोनी में अशोक ठाकुर के घर से सुरेश कुशवाहा के घर होते हुए जैन किराना तक नाली निर्माण कार्य भी कराया जाएगा, जिसकी लागत लगभग 12.50 लाख रुपए है।

इन क्षेत्रों में नाली निर्माण की मांग लंबे समय से नागरिकों द्वारा की जा रही थी। बारिश के दौरान जल निकासी की समस्या के साथ-साथ गंदे पानी के जमा होने से नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नाली निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और नागरिकों को लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत मिलेगी। भूमिपूजन के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि नगर पालिका परिषद का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना है। वार्ड क्रमांक 25 के नागरिक लंबे समय से नाली निर्माण की मांग कर रहे थे, जिसे प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कर अब धरातल पर उतारा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि विकास केवल बड़े प्रोजेक्टों तक सीमित नहीं है, बल्कि किसी मोहल्ले में जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। नगर पालिका नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उनके समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सीहोर शहर के प्रत्येक वार्ड में सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे।

अध्यक्ष ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ नगर पालिका को जिम्मेदारी दी है, उस विश्वास को विकास कार्यों के माध्यम से पूरा करना हमारी प्राथमिकता है। वार्डों में नागरिकों की आवश्यकता के अनुसार कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है और जहां भी मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता है, वहां चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जाएंगे। वार्ड क्रमांक 25 के नागरिकों ने नाली निर्माण कार्य स्वीकृत होने पर नगर पालिका परिषद एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर का आभार व्यक्त किया। नागरिकों ने कहा कि लंबे समय से नाली निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही स्वच्छता व्यवस्था में भी सुधार होगा।

इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 25 के पार्षद मुकेश मेवाड़ा, विशाल राठौर कमलेश राठौर दिलीप राठौड़, सहित वार्ड क्रमांक 25 के अनेक नागरिक उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments