सीहोर। परमहंस संत हिरदाराम साहिब जी के आशीर्वाद, श्रद्धेय सिद्ध भाऊजी के मार्गदर्शन तथा विधायक सुदेश राय एवं वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश राय की प्रेरणा से निर्धन नेत्र रोगियों के लिए सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय द्वारा निःशुल्क नेत्र रोग निदान एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया।
समाजसेवी मज्जू खान के नेतृत्व में गुरुवार, 24 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक स्थानीय मेवातीपुरा, कस्बा वार्ड क्रमांक 30, सीहोर में आयोजित शिविर में विभिन्न वर्गों के लोगों की आधुनिक मशीनों से आंखों की जांच की गई।
शिविर में जांच के दौरान मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए मरीजों को आगे के उपचार एवं ऑपरेशन के लिए सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय, एयरपोर्ट रोड, गांधी नगर, भोपाल भेजा गया। वहां मरीजों की पुनः विस्तृत जांच के बाद आवश्यकतानुसार मोतियाबिंद का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण किया जाएगा।
सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय की ओर से मरीजों के लिए ऑपरेशन, लेंस प्रत्यारोपण, काला चश्मा, आवश्यक दवाइयां, आवास, भोजन एवं फल आदि की निःशुल्क व्यवस्था की जाएगी। मरीजों की आत्मीयता के साथ सेवा करने की भी व्यवस्था रहेगी।
शिविर के आयोजन का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद नेत्र रोगियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना और उन्हें दृष्टि संबंधी समस्याओं से राहत दिलाना रहा।

0 Comments