सीहोर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सर्व यादव समाज द्वारा शुक्रवार को शहर में भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी चल समारोह निकाला गया। राधेश्याम मंदिर ग्वालटोली से शुरू हुए इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग पर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
चल समारोह से पूर्व प्रातः 10 बजे राधेश्याम मंदिर, ग्वालटोली में विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। इसके पश्चात प्रातः 11 बजे चल समारोह प्रारंभ हुआ। घोड़ा-बग्गी, ढोल-ताशे, आकर्षक धार्मिक झांकियों और इंदौर से आए अखाड़ों ने समारोह की भव्यता में चार चांद लगा दिए। राधेश्याम मंदिर से प्रारंभ होकर चल समारोह राठौर धर्मशाला, पुराने बस स्टैंड, कोतवाली चौराहा होते हुए मनकामेश्वर मंदिर पहुंचा, जहां धार्मिक वातावरण के बीच समारोह का समापन हुआ।
चल समारोह में शामिल अखाड़ों के कलाकारों ने विभिन्न पारंपरिक एवं रोमांचक प्रस्तुतियां देकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की आराधना करते हुए पुष्पवर्षा कर चल समारोह का स्वागत किया। ‘नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से शहर का वातावरण कृष्णमय नजर आया।
आयोजन में विशेष अतिथि अखिल भारतीय यादव महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश यादव उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में समाज के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सफल आयोजन पर विजय यादव ने जताया आभार
चल समारोह के सफल एवं गरिमामय आयोजन के लिए चल समारोह अध्यक्ष विजय यादव ने सभी समाजजनों, श्रद्धालुओं, अतिथियों, आयोजन समिति के सदस्यों, पुलिस-प्रशासन, नगरवासियों एवं प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
विजय यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर समाज की एकजुटता और श्रद्धालुओं का उत्साह इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता है। सभी के सहयोग और सहभागिता से चल समारोह भव्य एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार समाज की एकता एवं धार्मिक आयोजनों में सहभागिता बनाए रखने का आह्वान किया।
आयोजन के निवेदकों में सीताराम यादव, गोपाल यादव, राहुल यादव, घनश्याम यादव, मोहित पहलवान, ओम यादव, मनसुख यादव, राजू पटेल, गुड्डा यादव, गजराज पहलवान, मनोज यादव, राजेश यादव (पप्पू), लक्ष्मण यादव, विनोद यादव एवं अतुल यादव सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।

0 Comments