सीहोर। ट्रांसफार्मर की मांग को लेकर शुक्रवार को नापला खेड़ी विद्युत वितरण कंपनी के उपकेंद्र कार्यालय पहुंचकर ग्रामीणों के द्वारा आक्रोश व्यक्त किया गया। ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने के लिए उपकेंद्र के अधिकारियों कर्मचारियों ने ग्रामीणों को दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक बैठाया रखा लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं दिया। लंच के बाद वापस आने का बोलकर गए अधिकारी कर्मचारी शाम तक नहीं लौटे इसके बाद भूखे प्यासे ग्रामीणों ने मुरमुरे और से खाकर विद्युत विभाग कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन किया।
क्षेत्र के किसान प्रदीप मालवीय और ग्रामीणों का कहना था कि बकतल रेलवे स्टेशन के पास दो बिजली के ट्रांसफार्मर बीते ढेर साल से जले हुए हैं। ग्रामीण विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों ने पूरा बिल भी जमा कर लिया है इसके बावजूद जले हुए ट्रांसफार्मर को बदला नहीं जा रहा है। बिजली नहीं होने से कृषि कार्य में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन्हीं जले हुए ट्रांसफार्मर से कुछ गांव के घरेलू बिजली कनेक्शन भी जुड़े हुए हैं जिस वजह से उन घरों में भी अंधेरा छाया हुआ है। बिजली नहीं होने से ग्रामीणों का जीना काफी मुश्किल हो गया है। सुपरवाइजर बार-बार आने का कहते रहे लेकिन आए नहीं जिससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। ट्रांसफार्मर नहीं होने से परेशान ग्राम वासियों ने कहा कि कई बार जनप्रतिनिधियों को भी आवेदन दे चुके हैं बिजली विभाग के अफसर को भी बता चुके हैं इसके बावजूद जले हुए ट्रांसफार्मर नहीं बदले जा रहे हैं।

0 Comments