सीहोर में 15 एवं 16 सितंबर को होगा कांग्रेस का दो दिवसीय जिला स्तरीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर ब्लॉक, नगर एवं मंडल अध्यक्ष सहित 160 पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता होंगे शामिल


सीहोर। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजीव गुजराती ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी सीहोर द्वारा 15 एवं 16 सितंबर 2026 को यशराज गार्डन, सीहोर में दो दिवसीय जिला स्तरीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।

प्रशिक्षण शिविर में जिले के ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष एवं वार्ड अध्यक्ष सहित लगभग 160 पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे। दो दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

श्री गुजराती ने आगे बताया कि शिविर में मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी श्री हरीश चौधरी एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी सहित प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित होकर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। साथ ही अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा।

दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान कांग्रेस की विचारधारा, संगठन की कार्यप्रणाली, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क एवं जनसंवाद, मतदाता संपर्क, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

जिला कांग्रेस कमेटी का मानना है कि मजबूत संगठन ही जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और उन्हें जन-आंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से इस प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति अधिक सक्षम और सक्रिय बनाया जाएगा तथा सीहोर जिले में कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा।


Post a Comment

0 Comments