सीहोर। श्यामपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम पथरिया निवासी कृषक भगवान सिंह गुर्जर सहित दयाल सिंह, सोनू, हरी सिंह एवं रामचरण ने बुधवार, 9 सितम्बर को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर शिकायत प्रस्तुत की। शिकायत में श्यामपुर तहसील क्षेत्र में राजस्व संबंधी कार्यों के लिए कथित रूप से अतिरिक्त राशि की मांग किए जाने का आरोप लगाया गया है।
कृषक भगवान सिंह गुर्जर का आरोप है कि बीपीएल बनाए जाने संबंधी आदेश के लिए लगभग 5 हजार रुपये की मांग की जाती है। वहीं कब्जा दिलाए जाने के लिए करीब 20 हजार रुपये की राशि मांगे जाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इसके अलावा अन्य राजस्व कार्यों के लिए भी अतिरिक्त राशि की मांग पटवारी व अन्य कर्मचारियों द्वारा किए जाने की बात सामने आती रहती है।
भगवान सिंह ने शिकायत में आरोप लगाया कि एक पटवारी द्वारा अतिरिक्त राशि की मांग करते हुए यह कहा गया कि मुझे भी ऊपर देना पड़ता है। शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराए जाने की मांग की है।
भगवान सिंह का कहना है कि उनके पास कथित रूप से हुई बातचीत से संबंधित वीडियो, ऑडियो रिकॉर्डिंग सहित अन्य साक्ष्य उपलब्ध हैं, जिन्हें आवश्यकता पडऩे पर जांच अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि जांच के दौरान यदि लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध प्रचलित कानून एवं नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाए।
शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर राजस्व कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है।

0 Comments