सीहोर, 18 सितम्बर 2026 जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अप्रैल 2026 से मैना एवं इछावर विकासखंडों में प्रेसबायोपिया (निकट दृष्टि दोष) पायलट प्रोजेक्ट का संचालन किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत 40 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की निःशुल्क नेत्र जांच की जा रही है तथा आवश्यकता अनुसार नि:शुल्क चश्मे उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सीहोर डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया ने बताया कि कार्यक्रम प्रारंभ होने से अब तक भैरूंदा एवं इछावर विकासखंडो में कुल 16,396 लोगों की आंखों की नि:शुल्क जांच की जा चुकी है। इनमें से 5,216 लोगों को प्रेसबायोपिया (निकट दृष्टि दोष) के लिए नि:शुल्क चश्मे प्रदान किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम वर्तमान में जिले के भैरूंदा एवं इछावर विकासखंडों में संचालित किया जा रहा है, जिसे शीघ्र ही पूरे सीहोर जिले में विस्तारित किया जाएगा। इससे जिले के अधिक से अधिक नागरिकों को निशुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण की सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
डॉ. डहरिया ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि 40 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति अपने नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर अथवा शासकीय विजन सेंटर (Vision Center) में जाकर अपनी आंखों की जांच नि:शुल्क करा सकते हैं। यह कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग, सीहोर एवं विलियम जे. क्लिंटन फाउंडेशन (William J. Clinton Foundation) के संयुक्त सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
.jpg)
0 Comments