सीहोर। सावन मास के अंतिम चरण में प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम में आस्था और भक्ति का महासागर उमड़ने लगा है। आगामी 25 अगस्त को होने वाली भव्य कांवड़ यात्रा को लेकर देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। वहीं सावन के प्रत्येक दिन हजारों कांवड़ यात्री शहर के सीवन नदी तट से पवित्र जल लेकर करीब 11 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए कुबेरेश्वरधाम पहुंच रहे हैं। बारिश और धूप के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है।
शनिवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे। विठलेश सेवा समिति की ओर से मंदिर परिसर स्थित भव्य भोजनशाला में श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई। इस दौरान पांच क्विंटल से अधिक नुक्ती का भोग लगाया गया और भोजन प्रसादी का वितरण किया गया। समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला सहित बड़ी संख्या में सेवादार सेवा कार्य में जुटे रहे।
तीन क्विंटल फूलों से होगा बाबा का श्रृंगार
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि सावन के अंतिम सोमवार 24 अगस्त को भगवान शिव का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। बाबा के श्रृंगार में तीन क्विंटल से अधिक फूलों का उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही धाम के मुरली मनोहर मंदिर में विराजमान भगवान शिव-पार्वती, भगवान राम-माता सीता तथा भगवान श्रीकृष्ण-राधा की प्रतिमाओं का भी विशेष श्रृंगार किया जाएगा। शाम को भव्य आरती का आयोजन होगा।
25 अगस्त को निकलेगी ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा
आगामी 25 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में सीवन नदी के तट से कुबेरेश्वरधाम तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा को लेकर विठलेश सेवा समिति और जिला प्रशासन द्वारा यातायात, पार्किंग, चिकित्सा, सुरक्षा तथा श्रद्धालुओं के आवागमन सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए मार्ग पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन और समिति के स्तर पर लगातार तैयारियों की निगरानी की जा रही है।
100 से अधिक स्थानों पर लगेंगे सेवा स्टॉल
कांवड़ यात्रा के मार्ग में 100 से अधिक स्थानों पर सेवा स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां श्रद्धालुओं को पेयजल, केले, चाय-नाश्ता, फलहारी खिचड़ी और भोजन प्रसादी सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सेवा कार्य में सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी सहभागिता करेंगे।
दो हजार से अधिक सेवादार संभालेंगे भोजन व्यवस्था
कुबेरेश्वरधाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था में सहयोग करने देशभर से सेवादार पहुंचने लगे हैं। करीब दो हजार से अधिक सेवादार भोजनशाला सहित विभिन्न सेवा कार्यों में अपनी सेवाएं देंगे। वहीं अखंड हिन्द फौज के सैकड़ों स्वयंसेवक भी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के आवागमन और व्यवस्था में सहयोग करेंगे।
भजन, झांकियां और बैंड-बाजे रहेंगे आकर्षण का केंद्र
इस बार की कांवड़ यात्रा को भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए देशभर से प्रसिद्ध भजन गायकों को आमंत्रित किया गया है। यात्रा के दौरान भजन गायकों द्वारा शिव भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके अलावा विभिन्न धार्मिक झांकियां, बैंड-बाजे और अन्य आकर्षण भी यात्रा में शामिल रहेंगे। सीवन नदी के तट से कुबेरेश्वरधाम तक पहले से ही बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों की आवाजाही के कारण पूरा मार्ग हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज रहा है। 25 अगस्त की भव्य कांवड़ यात्रा को लेकर शहर से लेकर धाम तक श्रद्धालुओं और सेवादारों में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है।

0 Comments